बिहारी कलाकारों के जज्बे ने हमेशा बढ़ाया है अपने राज्य का मान : गंगा प्रसाद

पटना। राजधानी पटना के कालिदास रंगालय में मंगलवार को जब कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में अप्रतिम योगदान देने वाले विभूतियों को सम्मानित किया गया तो एक पल के लिए ऐसा लगा कि बिहार में कला और कलाकारों का कोई अंत ही नहीं है। मौका था शिवालजा महिला विकास संस्थान एवं आईडब्लूसी शिवालजा द्वारा आयोजित “विरासत” कार्यक्रम का, जिसमें कला के विभिन्न क्षेत्र में अपना बहुमूल्य योगदान देने वाले बिहारी कलाकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि गंगा प्रसाद राज्यपाल, सिक्किम) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक नंदकिशोर यादव, पूर्व मंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी एवं उपमहानिदेशक सह केंद्राध्यक्ष दूरदर्शन केंद्र राजीव सिन्हा उपस्थित थे। जबकि अन्य विशेष अतिथियों में डॉ. नीना कुमार, सरिता प्रसाद एवं स्वेता सिंह शामिल थे।


कार्यक्रम की विधिवत शुरूआत मुख्य अतिथि राज्यपाल तथा अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने अभिभाषण में राज्यपाल गंगा प्रसाद ने कहा कि मैंने हमेशा से इस संस्थान के हर कार्यक्रम को एक सकारात्मक उद्देश्य के साथ संचालित होते हुए देखा है, किन्तु आज के कार्यक्रम में शामिल होकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता इस बात की हो रही है कि समाज सेवा को समर्पित इस संस्था ने संस्कृति और सभ्यता को जीवंत करने वाले माध्यम कला और साहित्य की ओर भी अपनी दृष्टि डाली है और साथ ही इसमें अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को भी सामने लाने की पहल की है। बिहार के कला जगत एवं सांस्कृतिक क्षितिज पर उभरे प्रभावशाली व्यक्तियों को एक मंच पर लाकर सम्मानित करना वास्तव में अपने बिहार की कला और कलाकारों को आगे बढ़ाने वाला कदम होगा। इन कलाकारों के जज्बे ने हमेशा बिहार का मान राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया है।
कार्यक्रम में भोजपुरी अभिनेता कुणाल सिंह, वरिष्ठ रंगकर्मी निर्माता आशुतोष गगन प्रसाद, लेखक हरेंद्र सिन्हा, कथक नृत्यांगना नीलम चैधरी, नाटककार गुप्तेश्वर कुमार, महिला उद्योग संघ की अध्य्क्ष उषा झा, अभिनेता अजय सिंह, शिक्षा विभाग भू. डिप्टी डायरेक्टर संजय कुंदन तथा दूरदर्शन तथा आकाशवाणी की जानीमानी उदघोषिका शोमा चक्रवर्ती को राज्यपाल गंगा प्रसाद तथा अन्य अतिथियों के द्वारा उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यक्रम में सम्मानित होने वाले कलाकारों पर बनी एक लघु फिल्म भी दिखाई गई।

You may have missed