September 18, 2025

फतुहा : ठंड बढ़ने से मसूर की फसल में पाला मारने की आशंका से किसान चिंतित

फतुहा। इन दिनों फतुहा प्रखंड का शहरी से लेकर ग्रामीण इलाका ठंड से ठिठुर रहा है, साथ ही किसान चिंतित भी नजर आ रहे हैं। ठंड बढ़ने के आसार को लेकर खेतों में लगे दलहन की फसल, खासकर मसूर की फसल में पाला मारने की आशंका बढ़ गई है। इसे देख किसान के चेहरे पर मायूसी छा गयी है। किसानों की माने तो यदि कुछ दिनों तक यों ही ठंड पड़ती रही तो दलहन की फसल पाला लगने से पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी। हालांकि यह स्थिति प्रखंड क्षेत्र में एक समान नहीं है। मासाढ़ी और जैतिया पंचायत की ओर जहां खेतों में लगे दलहन खासकर मसूर की फसल बढ़ती ठंड से सिकुड़ सी गयी है तथा इसमें किसी तरह की वृद्धि नहीं हो पा रही है। वहीं सोतीचक, परसा, बरिया कला जैसे जगहों पर खेत में लगे दलहन की फसल में पाला मारने की आशंका बढ़ गई है।
मासाढ़ी निवासी किसान अरविंद सिंह ने बताया कि जब तक ठीक तरीके से धूप नहीं खिलती है तब तक पौधों को पाला मारने की आशंका बढ़ी हुई है। वहीं आत्मा अध्यक्ष विनय सिंह ने बताया कि दलहन की फसल बर्बाद होने पर किसानों को बीमा के तहत मुआवजा दी जानी चाहिए।

You may have missed