August 27, 2026

फतुहा : पिकअप चालक की मौत मामले में पत्नी के बयान पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज

Close up of male hands in bracelets behind back

तोड़फोड़ मामले में भी 181 के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज


फतुहा। दीपावली के दिन पटना के फतुहा प्रखंड के सबलपुर स्थित पाइप फैक्ट्री के हौदे में पिकअप चालक अनिल राय की शव मिलने के मामले में सोमवार को मृतक की पत्नी सुनीता देवी के बयान पर दो लोगों के विरुद्ध हत्या का मामला पुलिस ने दर्ज कर लिया है। पत्नी सुनीता देवी ने पिकअप मालिक निजामपुर निवासी अरुण कुमार व उसके भाई पप्पू कुमार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है। प्राथमिकी दर्ज होते ही नदी थाना पुलिस ने हत्या के आरोपी पिकअप मालिक अरुण कुमार को जेल भेज दिया तथा दूसरे आरोपी उसके भाई की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। दूसरी तरफ पुलिस ने शव मिलने के बाद उग्र ग्रामीणों के द्वारा तोड़फोड़ किए जाने व उत्पात मचाए जाने के मामले में 31 नामजद तथा 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
विदित हो कि बीते शनिवार की शाम सबलपुर स्थित एक पाइप फैक्ट्री के हौदे से निजामपुर के पिकअप चालक अनिल राय की पानी में तैरता हुआ शव बरामद किया था। शव बरामदगी के बाद मृतक के पत्नी सुनीता देवी ने गांव के ही पिकअप मालिक अरुण कुमार व उसके भाई पप्पू कुमार पर हत्या कर पानी के हौदे में फेंके जाने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस अभी भी पानी के हौदे में गिरकर व हत्या के बीच फंसे पेंच को सुलझाने में लगी है। अभी तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आ पाया है। नदी थाना प्रभारी सकेंन्द्र कुमार ने बताया कि दोनों बिंदु को फोकस कर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि मृतक के मोबाइल लोकेशन जो संदिग्ध मिल रहे थे, उसके आधार पर भी जांच की जा रही है।

You may have missed