मारपीट करने आए असमाजिक तत्व के लोगों से ग्रामीणों ने छीनी पिस्टल व मोबाइल, पुलिस को किया सुपुर्द

फतुहा। बीते सोमवार की रात दरियापुर मुहल्ले में असमाजिक तत्व के लोगों ने हथवे-हथियार के साथ एक घर पर हमला बोल दिया। एकाएक हुई हमले में जब तक मुहल्लेवासी संभल पाते तब तक असमाजिक तत्वों ने दो लोगों को मारपीट कर गंभीर रुप से जख्मी कर दिया। यह देख दरियापुर के ग्रामीण जुटे तो एक युवक हाथ में पिस्टल लेकर लहराने लगा। यह देख ग्रामीणों ने उसके हाथ से पिस्टल व मोबाइल फोन छीन लिए तथा घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया। हालांकि सभी हमलावर व मारपीट के आरोपी पुलिस को देखते ही भागने में सफल हो गये। जख्मी लोगों में दरियापुर निवासी राधे यादव तथा सुरेंद्र कुमार है। दोनों जख्मी को पीएचसी में लाया गया, लेकिन राधे यादव की स्थिति गंभीर रहने के कारण उसे पीएमसीएच के लिए रेफर कर दिया गया। जख्मी सुरेंद्र कुमार के भाई दरियापुर निवासी राहुल कुमार ने थाने में असमाजिक तत्व के लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है। बताया जाता है कि सोरा कोठी के दो युवक दरियापुर के एक गली में लहरिया कट बाइक चला रहा था। बाइक चलाने के क्रम में दोनो गिर गए। इसी पर राधे यादव ने कहा कि ऐसे बाइक क्यों चलाते हो। यह सुनते ही दोनो लड़के भड़क गए तथा अपने मुहल्ले से कई लोगों को बुला लाया तथा जमकर मारपीट की। पुलिस पूरे घटनाक्रम को जांच करते हुए आरोपियों को तलाश करने में जुटी है।