बिहार चुनाव: फ्री कोरोना वैक्सीन का चुनावी वादा बना भाजपा के गले की फांस, दिल्ली तक गूंज
पटना/नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग में महज 5 दिन शेष रह गए हैं। चुनावी मैदान में उतर रहीं सभी पार्टियां एक-एक कर अपनी लोकलुभावन चुनावी घोषणापत्र जारी कर रही है। ऐसे में गुरूवार को एनडीए के प्रमुख घटक दल जदयू-भाजपा ने पटना में अपनी अलग-अलग घोषणापत्र जारी किया। लेकिन भाजपा ने मतदाताओं को लुभाने के लिए अपने संकल्प पत्र में ऐसा वादा कर दिया है, जो भाजपा के गले की फांस बन गई है। दरअसल भाजपा ने कोरोना वैक्सीन को लेकर चुनावी वादा किया है। भाजपा ने वादा किया है कि यदि बिहार में एनडीए की सरकार बनती है तो वह राज्य की जनता को मुफ्त में कोरोना वैक्सीन उपलब्ध कराएगी। भाजपा का वादा करने के तुरंत बाद ही इस मुद्दे को राजनीतिक पार्टियां भुनाने में जुट गई। इस वादे को लेकर बिहार के चुनावी माहौल में राजनीतिक घमासान तेज हो गई। कांग्रेस, राजद से लेकर विभिन्न दलों ने भाजपा ने निशाना बनाया है। बीजेपी पर निशाना साध रहे हैं। राजद के अलावा, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी भाजपा पर जोरदार हमला बोला तो भाजपा को सफाई पेश करने के लिए आगे आने पड़ा।
राजद-कांग्रेस हुई भाजपा पर हमलावर
वैक्सीन के चुनावी वादे पर कांग्रेस-राजद भाजपा पर हमलावर हो गई। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा भाजपा के संकल्प पत्र जारी करने के कुछ घंटे बाद ही कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने वित्त मंत्री की चुनावी घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि क्या वित्त मंत्री यह बता रही हैं कि अन्य राज्यों के लोगों को वैक्सीन खरीदने के लिए पैसे खर्च करने पड़ेंगे? क्या बीजेपी सरकार भारतीय जनता की जिंदगी बचाने के लिए उनसे पैसे लेगी? पोलियो से लेकर स्मॉलपॉक्स तक, सभी मुख्य वैक्सीनेशन प्रोग्राम हमारे यहां लोगों के लिए मुफ्त हैं। क्या बीजेपी का इरादा इससे उल्टा है?
वहीं राजद ने भी वैक्सीन मुद्दे पर बीजेपी घेरा है। राजद ने ट्वीट करते हुए कहा, ”कोरोना का टीका देश का है, भाजपा का नहीं! टीका का राजनीतिक इस्तेमाल दिखाता है कि इनके पास बीमारी और मौत का भय बेचने के अलावा कोई विकल्प नहीं है! बिहारी स्वाभिमानी हैं, चंद पैसों में अपने बच्चों का भविष्य नहीं बेचते!”
भाजपा ने दी सफाई
मामले के तूल पकड़ने के बाद भाजपा को सफाई पेश करने के लिए आगे आने पड़ा है। बिहार भाजपा के इंचार्ज भूपेंद्र यादव ने कहा है कि यह बिहार चुनाव का मेनिफेस्टो है। केंद्र सरकार कम से कम कीमत पर वैक्सीन उपलब्ध कराएगी। हमने वादा किया है कि हमारी बिहार सरकार मुफ्त में इसे उपलब्ध कराएगी। भूपेंद्र यादव ने कहा, ”लोगों के स्वास्थ्य के मुद्दे पर राजनैतिक दलों को संवेदनशील होना चाहिए। हम अपने वादे को पूरा करेंगे।”
राहुल गांधी ने क्या कहा?
अब इस घोषणा की गूंज दिल्ली में भी सुनाई देने लगी है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा है कि भारत सरकार ने कोविड वैक्सीन वितरण की घोषणा कर दी है। ये जानने के लिए कि वैक्सीन और झूठे वादे आपको कब मिलेंगे, कृपया अपने राज्य के चुनाव की तारीख देखें।


