February 15, 2026

पिता के दशकर्म पर चिराग समेत पासवान परिवार ने कराया मुंडन

पटना। लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक व केंद्रीय मंत्री स्व. रामविलास पासवान के निधन के बाद हिंदू रीति रिवाज के अनुसार आज दशकर्म पटना के दीघा स्थित जनार्दन घाट पर आयोजित हुआ। जिसमें लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद चिराग पासवान, लोजपा बिहार प्रदेश के अध्यक्ष व सांसद प्रिंस राज एवं समस्त पासवान परिवार के पुरुषों ने मुंडन करवाया। यहां तक कि रामविलास पासवान के मृत्यु से आहत लोजपा के मीडिया प्रभारी कृष्णा सिंह ने भी मुंडन कराया। श्री सिंह ने बताया कि पासवान हमारे पिता तुल्य थे, उन्हें जाने का गम हम कभी भी भूल नहीं सकते, वह हमारे मार्गदर्शक थे।
बता दें भारतीय परंपराओं के अनुसार पुत्र होने के धर्म का निर्वहन करते हुए सांसद चिराग पासवान ने बीते शनिवार को अपने पिता का पिंडदान किया था। उल्लेखनीय है कि गत 8 अक्टूबर को लोजपा के संस्थापक तथा राष्ट्रीय स्तर के सर्वाधिक बड़े दलित राजनेता माने जाने वाले रामविलास पासवान का निधन हो गया था। 10 अक्टूबर को पटना में संपूर्ण राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया था। रामविलास पासवान का अंतिम संस्कार पटना के ही दीघा के जनार्दन घाट पर संपन्न हुआ था। आगामी 21 अक्टूबर को राम विलास पासवान का श्राद्धकर्म संपन्न होगा।

You may have missed