December 8, 2025

NDA में सीटों का हुआ बंटवारा, जदयू 122 और भाजपा 121 पर लड़ेगी चुनाव, लोजपा पर तंज

पटना। काफी जद्दोजहद के बाद मंगलवार को एनडीए में सीटों का बंटवारा हो गया है। पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीटों के बंटवारे की घोषणा की। 243 सीटों पर होने जा रहे बिहार विधानसभा चुनाव में जदयू के पाले में 122 सीटें आयी है, इसमें जदयू अपने कोटे से महागठबंधन से एनडीए में आए पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा को 7 सीटें देंगी, इस तरह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू 115 सीटों पर चुनाव में दमखम के साथ उतरेगी। वहीं भारतीय जनता पार्टी के पाले में 121 सीटें आयी है, इसमें भाजपा अपने कोटे से महागठबंधन से कुछ दिन पहले अलग होकर एनडीए का हिस्सा बने मुकेश सहनी की पार्टी विकासशील इंसान पार्टी को सीटें देंगी।
संवाददाता सम्मेलन में बिहार भाजपा प्रभारी भूपेन्द्र यादव, चुनाव प्रभारी व महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस, उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने संयुक्त रूप से टिकट बंटवारे की घोषणा की। जदयू की ओर से सीएम नीतीश के करीबी राष्ट्रीय संगठन महासचिव आरसीपी सिंह, प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह और सांसद ललन सिंह मंच पर उपस्थित थे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरूआत करते हुए कहा कि फिर दोहराता हूं नीतीश कुमार ही हमारे सीएम कैंडिडेट होंगे। हम फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही सरकार बनाएंगे। बता दें संवाददाता सम्मेलन के ठीक पहले भाजपा ने लोजपा को इशारों इशारों में स्पष्ट किया कि जो नीतीश कुमार के नेतृत्व को स्वीकारेगा, वहीं एनडीए का हिस्सा होगा। भाजपा ने एनडीए में मचे घमासान को कंट्रोल करने की कोशिश की है, ताकि जनता के बीच यह मैसेज नहीं जाए कि एनडीए दो भागों में बंट चुका है।

You may have missed