21 सितंबर को मिलेगी बिहार को सौगात : विक्रमशिला के समानांतर पुल और फुलौत के 4 लेन पुल का पीएम मोदी करेंगे शिलान्यास

पटना। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बिहार में धड़ाधड़ उद्घाटन व शिलान्यास का दौर जारी है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बिहार को दो चार लेन के पुलों का सौगात जल्द देने जा रहे हैं। बिहार के लिए घोषित विशेष पैकेज के तहत राज्य में दो नदियों पर बनने वाले भागलपुर और फुलौत चार लेन सेतु की निविदा मिल गयी है। दोनों पुलों के निर्माण पर 2594.76 करोड़ की लागत आयेगी। उक्त दोनों का शिलान्यास प्रधानमंत्री 21 सितंबर को करेंगे। इन पुलों के बनने के बाद उत्तर व दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्कता मजबूत होगी और सीमांचल के विकास में मदद मिलेगी।
पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव ने बताया कि चार लेन का एक पुल भागलपुर में विक्रमशिला सेतु के समानान्तर गंगा नदी पर 1116.72 करोड़ की लागत से बनेगा। जबकि दूसरा चार लेन वाला पुल राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 106 के फुलौत में 1478.4 करोड़ की लागत से कोसी नदी पर बनेगा। मंत्री नंद किशोर ने कहा कि भागलपुर में प्रस्तावित गंगा नदी पर विक्रमशिला सेतु के समानान्तर 4 लेन पुल निर्माण के लिए कुल सात निविदाकारों ने भाग लिया, जिसमें एसपी सिंगला कन्स्ट्रक्शन हरियाणा, एफकान्स इन्फ्रास्ट्रक्चर मुम्बई, एनसीसी हैदराबाद, अशोका एभ्रस्कॉन नासिक, एलएण्डटी, चेन्नई, गैमन-टीएलएल मुम्बई, एचसीसी-राजबीर मुंबई मुख्य है।
वहीं उन्होंने बताया कि फुलौत में कोसी नदी पर 4 लेन में बनने वाले सेतु की निविदा में 8 निविदाकारों ने भाग लिया, जिनमें एलएंडटी चेन्नई, मेसर्स एफकॉन्स इन्फ्रास्ट्रक्चर मुंबई, एसपी सिंगला हरियाणा, जीआर इन्फ्रा प्रोजेक्ट्स उदयपुर, एनसीसी हैदराबाद, जेएमसी प्रोजेक्ट्स महाराष्ट्र, जीईसीपीएल-टीएलएल मुम्बई व एबीएल-एभ्रस्कॉन नासिक शामिल हैं।
मंत्री ने बताया कि दोनों पुलों के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण का काम पूरा कर लिया गया है। विक्रमशिला के समानान्तर पुल जहां 4.36 किमी लंबा होगा। वहीं कोसी नदी पर बनने वाले पुल की कुल लंबाई 28.91 किमी होगी। कोसी नदी पर यह 6.93 किमी लंबा होगा। भागलपुर में पुल का निर्माण 4 वर्ष में और फुलौत में कोसी नदी पर पुल का निर्माण 3 वर्ष में पूरा किया जायेगा। निर्माण कार्य पूरा होने बाद अगले 10 वर्षों तक संबंधित संवेदक द्वारा पुल के रखरखाव का कार्य किया जायेगा।

You may have missed