February 20, 2026

पटना एम्स में कोरोना वैक्सीन ट्रायल का पहला चरण पूरा, अब 12 से 65 साल तक के लोगों पर होगा ट्रायल

फुलवारी शरीफ। पटना एम्स में पहले चरण में पटना के 44 लोगों पर किये गये कोरोना वैक्सीन ट्रायल के बाद अब दूसरे चरण में 50 लोगों के लिए प्रक्रिया शुरू हो गयी है। पहले चरण में जिन लोगों को डोज दिया गया था, उनमें किसी पर भी कोई साइड इफेक्ट सामने नहीं आया है। एम्स चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सीएम सिंह के मुताबिक, दूसरे चरण के वैक्सीन की डोज 50 लोगों को दिया जाएगा। पटना एम्स की ओर से मोबाइल नंबर 9471408832 जारी किया गया है। जिस पर कॉल कर इच्छुक लोग दूसरे चरण के परीक्षण में भाग ले सकते हैं।
एम्स पटना में 15 जुलाई से शुरू हुए कोरोना वैक्सीन का मानव परीक्षण की सफलता के बाद अब दूसरे चरण में 12 वर्ष तक के बच्चों और 65 वर्षो के बुजुर्गो पर परीक्षण शुरू हो रहा है। डॉ. सिंह ने बताया कि प्रथम चरण में 18 से 55 वर्षो के लोगों पर ट्रायल किया गया, जिसमें वैक्सीन का साइड इफेक्ट नहीं पाया गया है। इसके सकारात्मक नतीजे सामने आने के बाद दूसरे चरण के ट्रायल की अनुमति औषधि महानिदेशक ने दे दी। एम्स अधीक्षक ने बताया कि पटना एम्स में 15 जुलाई को जिस व्यक्ति को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज 5 मिलीग्राम दी गई थी, उसे 29 जुलाई को दूसरी डोज दी गई, फिर वैक्सीन से प्रतिरोधक क्षमता का टेस्ट 12 और 26 अगस्त को किया गया तो एंटीबॉडी का समुचित विकास पाया गया। प्रथम चरण की दूसरी डोज 14 दिनों पर दी गई थी लेकिन अब दूसरे चरण में दूसरी डोज 28वें दिन दी जाएगी।

You may have missed