February 18, 2026

सावधान! अब बिना ओटीपी के बैंक एकाउंट से पैसे उड़ा ले रहे जालसाज, जानें कैसे

पटना। सावधान, एक चूक से आपकी गाढ़ी कमाई एक झटके में समाप्त हो जाएगी। क्योंकि आपकी कमाई पर जालसाज गिद्ध दृष्टि लगाए बैठे हैं। जालसाजों का यह नया ट्रेंड लॉकडाउन में देखने को मिला है। जालसाज अब न ओटीपी पूछ रहे, न ही पिन, बस आपकी एक गलती से पूरा अकाउंट खाली। जालसाजों के इस नये तरकीब से बैंक अधिकारी भी सकते में हैं। बता दें बैंकों की ओर से हमेशा लोगों को ओटीपी यानी वन टाइम पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी जाती है। इससे जालसाजी का खतरा रहता है। इसे लेकर बैंक भी अपने ग्राहकों को मैसेज, कॉल और अन्य सूचनाओं के जरिये सतर्क करते रहते हैं।
लेकिन साइबर जालसाजों ने अब अपना तरीका ही बदल लिया है। वे बिना ओटीपी के भी बैंक एकाउंट से रुपये उड़ा ले रहे है। ऐसे कई मामले बैंक के सामने आये हैं। इससे बैंक अधिकारी भी सकते में हैं। अधिकारियों की मानें तो जालसाजी का नया ट्रेंड पिछले एक माह से देखने को मिल रहा है। बैंक प्रबंधन इन मामलों पर लगातार नजर रखे हुए है।
केवाइसी एप के नाम पर जालसाजी
बैंक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार खाताधारक ने किसी के साथ ओटीपी शेयर नहीं किया, फिर भी उसके एकाउंट से पैसे निकाल लिये गये। आॅनलाइन जालसाजी करनेवाले साइबर जालसाज यह सब आॅनलाइन केवाइसी एप के नाम पर जालसाजी कर रहे हैं। बैंक अधिकारियों के अनुसार, बैंक ग्राहक को फोन कॉल आता है। वह स्वयं को बैंक का कर्मी बताते हुए केवाइसी अपडेड करने की बात करता है। इसके लिए वह एक एप डाउनलोड करने के लिए कहता है। इसके बाद चंद मिनटों में ही मोबाइल को जालसाज हैक कर लेता है। ग्राहक मोबाइल पर ही बात करता रहता है और बिना ओटीपी के उसके एकाउंट से पैसे दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लेता है।
साइबर जानकारों की मानें तो इस तरह के फ्रॉड कॉल पेटीएम के बहाने किये जा रहे हैं। ग्राहकों को बताया जाता है कि वे केवाइसी पूरा नहीं करेंगे, तो 24 घंटे में उनका पेटीएम अकाउंट बंद हो जायेगा और उसमें जमा उनके रुपये डूब जायेंगे। भयभीत ग्राहक जालसाज की बातों में फंस जाता है।

You may have missed