PATNA : कांग्रेस मुख्यालय में महिला कार्यकर्ता का बवाल, नेताओं पर लगाया टॉर्चर करने का आरोप

पटना। राजधानी पटना के सदाकत आश्रम स्थित कांग्रेस मुख्यालय में नेताआें द्वारा प्रताड़ित एक महिला कार्यकर्ता द्वारा जमकर हंगामा किए जाने की सूचना है। रविवार को एक महिला कार्यकर्ता जया लक्ष्मी ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को जमकर खरी-खोटी सुनाई। जया ने पार्टी कार्यकर्ताओं पर टॉर्चर करने का भी आरोप लगाया। महिला का कहना है कि उन्हें अक्सर प्रताड़ित किया जाता है। जब वो वरिष्ठ नेताओं के सामने अपनी पीड़ा रखती हैं तो कोई कार्रवाई नहीं होती। बड़े नेता उनकी बात तक नहीं सुनते।
पत्रकारों से बात करते हुए पीड़ित महिला कार्यकर्ता जया लक्ष्मी ने कहा कि पार्टी के लोग ही जब टॉर्चर करने लगें तो आवाज उठाना गलत है क्या। उन्होंने बताया कि बहुत दिनों से यह बर्दाश्त कर रही थी। कई बार पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के सामने बात रखने की कोशिश की लेकिन किसी ने मेरी बात पर ध्यान नहीं दिया। आवाज उठाई तो कुछ लोग मेरे परिवार वालों के खिलाफ बोलने लगे। ऐसे लोगों की क्या हैसियत है मुझे अच्छी तरह मालूम है। मेरी किसी से व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है।
महिला कार्यकर्ता को प्रताड़ित करने को लेकर जब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा से पूछा गया तब उन्होंने कहा कि मैं उन्हें नहीं जानता हूं। पहले कभी मिला भी नहीं हूं। जो भी मामला होगा, वह देखेंगे। इस सवाल पर कि क्या प्रताड़ित करने वाले कार्यकर्ताओं पर कोई कार्रवाई होगी, प्रदेश अध्यक्ष इसे टाल गए।