December 7, 2025

बाढ़ पीड़ितों से मिल तेजस्वी ने बांटा भोजन, राजद का आरोप- सरकार राहत के नाम पर घोटाला कर रही

पटना। बिहार में बाढ़ ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है और इस पर राजनीति भी जारी है। बुधवार को राजद सुप्रीमो लालू यादव के छोटे बेटे एवं नेता विपक्ष तेजस्वी यादव दरभंगा पहुंच बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात की। इस दौरान तेजस्वी यादव ने बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच भोजन वितरित किया और उनका हालचाल पूछा। राजद के आॅफिशियल ट्विटर अकाउंट से तेजस्वी यादव की तस्वीर पोस्ट की गई है। राजद ने ट्वीट कर लिखा है कि मुख्यमंत्री और उनके सभी मंत्री अपने घरों में दुबक कर बैठे हैं। लोग कोरोना और बाढ़ से त्रस्त हैं। लोग कोरोना ही नहीं भूख से भी मर रहे हैं। जबकि तेजस्वी गरीबों का दुख-दर्द बांटने पहुंचे हैं।

दरभंगा के बाद तेजस्वी यादव मधुबनी पहुंचे। उन्होंने कहा कि बिहार बाढ़ में डूब गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आंख के आंसू सूख गए हैं। वह यहां नहीं आएंगे, लेकिन 7 तारीख को अपनी कुर्सी बचाने के लिए वर्चुअल रैली अटेंड करेंगे। नीतीश कुमार की इंसानियत खत्म हो गई है। उनकी अंतरात्मा बंगाल की खाड़ी में डूब रही है। मधुबनी जिले के मधेपुर ब्लॉक के बाढ़ प्रभावित इलाके में तेजस्वी ने पीड़ितों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों के बीच पैसे बांटे।
दूसरे ट्वीट में राजद ने आरोप लगाया कि बिहार सरकार राहत के नाम पर घोटाला कर रही है। लाखों लोग हर साल बाढ़ से विस्थापित होते हैं। अपनी जमापूंजी गंवाते हैं। जान-माल और मवेशियों से हाथ धो बैठते हैं। राजद सत्ता में आई तो बाढ़ के स्थायी हल का उपाय होगा।

You may have missed