December 9, 2025

जनसंवाद कार्यक्रम : 21 जून से प्रत्येक विधानसभा में भाजपा नेता साधेंगे मतदाताओं को

पटना। केंद्र की मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला साल पूरा होने पर बिहार भाजपा प्रत्येक विधानसभा में जनसंवाद कार्यक्रम 21 जून से शुरू करने जा रहा है। पहले दिन यानि रविवार को सूबे के छह विधानसभा में जनसंवाद होगा। इस जनसंवाद कार्यक्रम के जरिए भाजपा नेता आसन्न बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मतदाताओं को भी साधेंगे।
पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश वर्मा ने बताया कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल मुख्यालय के सभागार से किशनगंज में आयोजित जनसंवाद को संबोधित करेंगे। उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी अपने आवास से मोतिहारी के कल्याणपुर विधानसभा तो केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद दिल्ली से कुम्हरार विधानसभा में आयोजित जनसंवाद को संबोधित करेंगे। वहीं केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय दिल्ली से ही रोहतास के काराकाट विधानसभा तो पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव पटना स्थित आवास से मुजफ्फरपुर के कुढ़नी विधानसभा में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। बांका के अमरपुर विधानसभा में पूर्व केन्द्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी दिल्ली से ही संबोधित करेंगे।
वहीं 22 जून को औरंगाबाद के गोह विधानसभा में होने वाले बिहार जनसंवाद को उपमुख्यमंत्री संबोधित करेंगे। जबकि नित्यानंद राय बेतिया के चनपटिया, नंदकिशोर यादव मोतिहारी के चिरैया तो स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय कैमूर के चैनपुर विधानसभा में आयोजित जनसंवाद को संबोधित करेंगे। भाजपा प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन जमुई विधानसभा में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

You may have missed