पटना : पुलिस ने शादीशुदा व्यक्ति का शव ससुराल से किया बरामद, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
पालीगंज। पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल मुख्यालय थाना क्षेत्र के लालगंज सेहरा गांव से पुलिस ने एक शादीशुदा व्यक्ति का शव ससुराल से बरामद किया है। परिजनों ने ससुराल वालों पर ही चाकू मारकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मृतक शादी के बाद से ससुराल में ही रहता था। वहीं दूसरी ओर जहर खाकर आत्महत्या करने की भी चर्चा हो रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर इस घटना की जांच में जुटी है।


मिली जानकारी के अनुसार मृतक के पिता जहानाबाद जिले के तेहटा सरेऊ गांव निवासी बाल्मीकि ठाकुर ने बताया कि हम अपने 30 वर्षीय लड़का कौशल ठाकुर की शादी दो साल पूर्व पालीगंज थाना क्षेत्र के लालगंज सेहरा गांव निवासी जोधा ठाकुर की लड़की संजू देवी के साथ किया था। शादी के बाद से ही कौशल ससुराल में ही रहता था, उसकी हत्या ससुराल वालों ने ही चाकू मारकर कर दिया है। जिसका कटे का निशान उसके चेहरे पर साफ तौर दिख रहा है। वहीं मृतक की पत्नी संजू देवी ने बताया कि पति हमेशा शराब पीता था। बीती रात भी वह शराब पीकर और सिंघाडा (समौसा) खाकर सोया था, हम नहीं जानते हैं कि उसकी मौत कैसे हुई। सुबह मुझे गांव के लोगों ने बताया, तब मालूम हुआ।
दूसरी ओर कौशल ठाकुर की खुद आत्महत्या करने की चर्चा भी है। क्योंकि वह जहर के शीशी लेकर दो दिन पहले घूम रहा था। अंदर खाने की माने तो उसकी पत्नी से हमेशा शराब पीने को लेकर लड़ाई होते रहता था। वह खुद दो शादी कर चुका है। यह उसकी दूसरी शादी है। उसके दो छोटे-छोटे बच्चे भी हैं। वही दोनों पक्षों के बीच अस्पताल में भी लड़ाई-झगड़ा चलता रहा। उसकी पहली पत्नी और उसके परिजन भी मौजूद हुए थे। वहीं पुलिस सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पालीगंज अनुमंडल अस्पताल भेज मामले की जांच में जुटी है।

