बिहार में जज के अंगरक्षक ने वर्दी में सर्विस पिस्टल से गोली मार की आत्महत्या, सनसनी

कटिहार। बिहार के कटिहार जिले में शुक्रवार की दोपहर एसडीओ कोर्ट के पीछे जज के अंगरक्षक ने गोली मार कर खुदकशी कर ली, जिससे कोर्ट परिसर में सनसनी मच गई। मिली जानकारी के अनुसार, व्यवहार न्यायालय के एडीजे षष्ठम के अंगरक्षक विकास कुमार (30) ने एसडीओ कोर्ट के पीछे वर्दी में ही सर्विस पिस्टल से सिर में गोली मार कर आत्महत्या कर ली। मृतक मूल रूप से बेगूसराय जिले के रजौरा का रहने वाला था। सूचना मिलते ही एसपी विकास कुमार व एएसपी हरिमोहन शुक्ला सहित काफी संख्या में पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। मृतक का सर्विस पिस्टल शव के समीप ही पाया गया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। पिस्टल में एक गोली लोड मिली है। घटना की जानकारी होते ही पुलिस महकमे में सनसनी फैली गई। मृतक जवान अविवाहित था। घटना की जानकारी उसके परिजनों को दे दी गई है। वहीं पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
एसपी विकास कुमार ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। मृत जवान के सहकर्मियों से भी घटना की बाबत जानकारी ली रही है। घटना के पीछे के कारणों के संबंध में तत्काल स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता है।

You may have missed