मुंगेर में चला विशेष छापामारी अभियान, विभिन्न कांडों में फरार 44 अभियुक्त गिरफ्तार, असलहें बरामद
मुंगेर। मुंगेर एसपी लिपि सिंह के निर्देश पर चलाए गए विशेष छापामारी अभियान के दौरान विभिन्न कांडों में फरार 44 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान लंबित वारंटों का भी निष्पादन किया गया। एसपी लिपि सिंह ने बताया कि फरारियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष छापामारी अभियान चलाया गया था। इस अभियान के दौरान पुराने कांडों में फरार वारंटियों के अलावा हाल-फिलहाल के कांडों में फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी का भी निर्देश दिया गया था। इस दौरान विभिन्न कांडों में फरार 44 फरार अभियुक्त गिरफ्तार किए गए तथा पुराने लंबित वारंटों का भी निष्पादन किया गया। पुलिस के विशेष छापेमारी अभियान में 78 जमानतीय, 84 गैर जमानतीय, 21 कुर्की वारंट का निष्पादन किया गया। संग्रामपुर में भीम यादव के घर छापामारी की गई, जहां एक अपराधी को हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने भीम यादव के घर से श्री नॉट थ्री का एक कट्टा तथा तीन गोलियां, घर की तलाशी लेने के बाद .315 बोर का एक दूसरा कट्टा, .315 बोर की 10 गोलियां, 12 बोर बंदूक की 4 गोलियां, 50 पीस खोखा बरामद किया गया है। वहीं असरगंज में फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाले तीन अपराधी गिरफ्तार किए गए हैं। असरगंज में 6 जून को फायरिंग की घटना हुई थी। फायरिंग की घटना के नामजद अपराधी डब्लू यादव, नवल यादव और शिव यादव को गिरफ्तार किया गया। एसपी लिपि सिंह ने बताया कि सभी थानाध्यक्षों को लंबित वारंटों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है।


