BIHAR : पुलिस मुठभेड़ के दौरान गैंग के साथ गिरफ्तार हुआ कुख्यात चंदन, भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद

भागलपुर (गौतम सुमन गर्जना)। बिहार के भागलपुर जिला अंतर्गत नवगछिया दियारा इलाके में आतंक का पर्याय बन चुके कुख्यात चंदन कुंवर को जिला पुलिस की गठित स्पेशल टीम ने मुठभेड़ के बाद उनके तीन साथियों सहित गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस और अपराधियों के बीच हुए मुठभेड़ में दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग की गई। पुलिस ने भी जवाबी हमला करते हुए आठ राउंड फायरिंग की। पुलिस की ओर से किए गए जवाबी हमले और दबिश के उपरांत कुख्यात चंदन कुंवर को साथी गोपाल चौधरी, पुरुषोत्तम सिंह और सोनू कुमार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने इनके पास से एक राइफल, दो देशी कट्टा, 30 कारतूस, 6 एसएलआर कारतूस सहित खाली खोखा को बरामद किया। इस बाबत नवगछिया एसपी निधि रानी ने आॅपेरशन के संदर्भ में बताया कि लगातार इस तरह की सूचना मिल रही थी कि कुख्यात चंदन कुंवर अपने साथियों के साथ बिहपुर के कारगिल, सोनवर्षा के दियारा इलाके में किसानों को डरा-धमकाकर उनकी फसल को लूट रहा है। सूचना के बाद नवगछिया एसडीपीओ प्रवेन्द्र भारती के नेतृत्व में बिहपुर, भवानीपुर, झंडापुर, कदवा और नदी थानेदार सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ 53 सदस्यों की एक स्पेशल टीम बनायी गयी और फिर दबिश दी गई।
एसपी ने बताया कि पुलिस की दबिश को देखकर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग करना शुरू कर दिया और तब इसके जवाब में पुलिस की ओर से भी फायरिंग की गई और अंतत: पुलिस ने चारों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। एसपी ने जिला पुलिस के लिए इसे बड़ी कामयाबी बताया और दियारा क्षेत्र में लगातार पुलिसिया कार्रवाई चलाये जाने की बात कही। एसपी ने विस्तारपूर्वक बताया कि पुलिस की ओर से जवाबी हमले के बाद कुख्यात चंदन भागने की भी कोशिश की लेकिन पुलिस ने खदेड़कर उन्हें पकड़ा। एसपी निधि रानी ने बताया कि चंदन के खिलाफ केवल नवगछिया पुलिस जिला के विभिन्न थानों में हत्या, लूट और रंगदारी के 13 मामले दर्ज हैं, वहीं गिरफ्तार तीनों अपराधियों के खिलाफ भी अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज हैं। कुख्यात चंदन की नवगछिया पुलिस को लंबे अर्से से तलाश थी और उनकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने कई बार दबिश भी दिया था लेकिन हर बार पुलिस को गच्चा देकर वह भाग निकलता था।

You may have missed