दूसरी बार क्वारंटाइन सेंटरों में दाखिल हुए सीएम नीतीश, लिया प्रवासियों का हाल
पटना। देश के दूसरे प्रदेशों से आ रहे प्रवासियों को जिला एवं प्रखंड स्तर पर बनाए गए क्वारंटाइन सेंटरों पर रखा जा रहा है। इन सभी प्रवासियों को सुविधाएं मिल रही है या नहीं, इसे जानने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार फिर से क्वारंटाइन सेंटरों के भीतर दाखिल हुए और प्रवासियों से वार्तालाप किया। बता दें शुक्रवार को भी सीएम नीतीश ने बिहार के क्वारंटाइन केंद्रों में रह रहे प्रवासियों से उनका हाल चाल जाना था, साथ ही यह भी पूछा था कि उन्हें कोई दिक्कत तो नहीं न हो रही है।
सीएम नीतीश ने शनिवार को एक बार फिर अप्रवासी मजदूरों को मिल रही सुविधाओं को लेकर वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए समीक्षा की। मुजफ्फरपुर जिले के दो क्वारंटाइन केंद्रों की वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए समीक्षा की। इस दौरान एक प्रखंड क्वारंटाइन केंद्र पर स्वयं डीएम मौजूद रहे, जबकि दूसरे केंद्र पर नोडल पदाधिकारी।
मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज बेला एवं बखरा पंचायत सरकार भवन में स्थित क्वॉरेंटाइन केंद्रों में दाखिल हुए और केंद्र में रह रहे प्रवासियों से रूबरू होते हुए केंद्रों पर दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। डिजिटल माध्यम से पूरे क्वॉरेंटाइन केंद्रों में शौचालय, पेयजल, रसोईघर, आवासन की व्यवस्था एवं केंद्रों की साफ-सफाई का बारीकी से निरीक्षण किया। क्वॉरेंटाइन केंद्रों में दी जा रही सुविधाओं से मुख्यमंत्री संतुष्ट दिखे। केंद्रों में रह रहे लोगों से अपील भी किया की सभी लोग क्वॉरेंटाइन केंद्रों में ही रहे और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें, यही कोरोना से बचाव का एक प्रभावी उपाय है।


