खबरें फतुहा की : मास्क-सैनेटाइजर वितरित, महिला से दुष्कर्म का प्रयास, दुकानें खोलने की मांग, जाप का धरना
युवा जदयू ने मीडिया कर्मियों के बीच बांटे मास्क व सैनेटाइजर
फतुहा। बुधवार को जेठुली में युवा जदयू के प्रदेश सचिव सतेंद्र यादव के नेतृत्व मे कार्यकर्ताओं ने मीडिया कर्मियों के बीच मास्क व सैनेटाइजर का वितरण किया। इस अवसर पर कोरोना संकट काल में भी लगातार सेवा देने के लिए मीडियाकर्मियों को अंग वस्त्र देकर सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर जदयू कार्यकर्ता के रुप में अनिरुद्ध कुमार, बबलू सिंह तथा युवा के प्रदेश उपाध्यक्ष भी मौजूद थे।

महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार
फतुहा। बीती रात्रि नदी थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवक के द्वारा महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस संदर्भ में पीड़ित महिला ने नदी थाना में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करायी है। पुलिस ने शिकायत के आलोक में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। दर्ज शिकायत के आधार पर बताया जाता है कि महिला अपने घर के बरामदे में सोयी हुई थी, तभी पड़ोस का ही एक युवक छत के सहारे घर में घुस गया तथा महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। नदी थाना प्रभारी सकेंन्द्र कुमार के अनुसार युवक को जेल भेजा जाएगा।
आपसी विवाद में महिला की पिटाई, शिकायत दर्ज
फतुहा। बीते रात्रि मछरियावां गांव में आपसी विवाद को लेकर भैंसुर ने एक महिला की पिटाई कर चोटिल कर दिया। महिला का इलाज रात में पीएचसी में कराया गया है। महिला सरिता देवी ने अपने भैंसुर व ससुर के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करायी है। वहीं दूसरी तरफ थाना क्षेत्र के ठेगुआ गांव में गली के रास्ते के विवाद में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस मारपीट में मनोज सिंह नाम का युवक जख्मी हो गया। दोनों शिकायत के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।
कपड़ा व्यवसायियों ने की दुकानें खोलने की मांग
फतुहा। पटना मुख्यालय में सरकार द्वारा कपड़े की दुकान को खोले जाने पर शहर के कपड़ा व्यवसायियों ने आक्रोश जताया है तथा शहर के अंदर भी दुकानें खोले जाने की मांग की। व्यवसायियों ने सरकार से मांग किया है कि जिस शर्तों पर पटना शहर के अंदर दुकानें खोले जाने की अनुमति दी गई है, उसी शर्त पर फतुहा में भी दुकान खोले जाने की अनुमति दी जाए। वहीं दूसरी तरफ मिठाई दुकानदार भी दुकानें शर्त के आधार पर खोले जाने की मांग की है।
प्रवासियों के हक के लिए जाप ने दिया धरना
फतुहा। बुधवार को बलवा गांव के टाल में जाप कार्यकर्ताओं ने बिहार लौटे प्रवासियों के हक के लिए धरना दिया। धरना का नेतृत्व जाप नेता बबलू यादव कर रहे थे। जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जाप कार्यकर्ताओं ने बिहार लौट रहे प्रवासी मजदूरों के रोजगार के लिए एक आयोग गठन करने की मांग की तथा प्रवासियों को एक न्यूनतम पेंशन राशि योजना शुरू करने की मांग की। मौके पर संदीप कुमार, जय प्रकाश कुमार, बिरचन कुमार समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

