बिहार का गृह विभाग हुआ 3 दिन के लिए बंद, कर्मचारी क्वारंटाइन
पटना। एक सहायक के कोरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आने के बिहार सरकार ने गृह विभाग को तीन दिन के लिए बंद कर दिया है। बुधवार को जारी एक आदेश के मुताबिक, गृह विभाग का दफ्तर तीन दिन के लिए बंद रहेगा। पटेल भवन स्थित गृह विभाग के कार्यालय को स्वास्थ्य विभाग की टीम सेनिटाइज करेगी। बता दें आदेश जारी होते ही काम करने के लिए पहुंचे कर्मचारियों को यहां से लौटा दिया गया। अब 72 घंटे के बाद ही दफ्तर में काम शुरू होगा। कोविड-19 मरीज के संपर्क में आने वाले कर्मचारी को क्वारंटाइन कर दिया है।
दूसरी तरफ बिहार में पिछले कुछ दिनों से कोरोना के मामलों में काफी तेजी देखी जा रही है। मंगलवार को 130 मरीज मिलने के बाद बुधवार शाम तक कोविड-19 के कुल 53 नए मामले सामने आ चुके हैं। इस तरह कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 932 हो गई है। अब बिहार के 38 के 38 जिले इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं।


