February 11, 2026

पटना में घर में बनाया जा रहा था नकली सेनेटाइजर व क्रीम, चार लाख का सामान जब्त

फतुहा। पटना जिला के फतुहा में कोरोना महामारी के बीच घर में नकली सेनेटाइजर व क्रीम बनाया जा रहा था। औषधि नियंत्रण विभाग ने मंगलवार को स्थानीय बांकीपुर गोरख मुहल्ले के एक घर में अवैध रूप से सेनेटाइजर, क्रीम, सेविंग लोशन समेत अन्य कॉस्मेटिक सामान के निर्माण का भंडाफोड़ किया है। टीम के अनुसार, करीब तीन से चार लाख रुपए के बीच की सामग्री जब्त की गई है। औषधि नियंत्रण विभाग की यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई है। फतुहा पहुंची औषधि विभाग की टीम ने स्थानीय पुलिस की सहायता से छापेमारी करते हुए दवा, मशीन के साथ-साथ केमिकल, रैपर, खाली बोतल तथा कच्चा माल जब्त किया है। टीम के अनुसार इस अवैध कारखाने का मालिक संजीव कुमार गुप्ता है, जो फरार बताया जा रहा है। टीम ने उसकी पत्नी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पत्नी के अनुसार जब्त किए गए सामान का बिल है, जिसकी जांच की जानी चाहिए। छापेमारी के दौरान औषधि नियंत्रण विभाग के निरीक्षक संदीप कुमार, वीरेंद्र कुमार, राजेश कुमार तथा त्रिउदीन अंसारी समेत अन्य कर्मी मौजूद थे।

You may have missed