February 11, 2026

बिहार के सभी पेंशनधारियों के खाते में एकमुश्त तीन महीने की राशि का अग्रिम भुगतान, राजद पर हमला

पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने मंगलवार को ट्वीट कर राजद और कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। सुशील मोदी ने अपने ट्वीट में कहा है कि कोरोना संक्रमण से निपटने में बिहार के बेहतर रिपोर्ट कार्ड से उन लोगों के सीने पर सांप लोट रहा है, जिन्होंने 15 साल के कुशासन में बिहारी होने को सामाजिक तिरस्कार का पर्याय बना दिया था। उन्हें क्वारेंटीन सेंटर की बेहतर व्यवस्था के लिए राज्य की तारीफ चुभ रही है। वहीं बिहार के सभी पेंशनधारियों के खाते में एकमुश्त तीन महीने की राशि का अग्रिम भुगतान कर दिया गया है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राजद और कांग्रेस परेशान हैं कि एक लाख प्रवासियों की घर वापसी के बावजूद राज्य में 50 फीसदी का शानदार रिकवरी रेट क्यों है, जबकि राष्ट्रीय औसत 29.36 फीसद है। ज्यादा लोगों के मरने से केवल शव भक्षी प्रजाति के जीव खुश होते हैं। बिहार सरकार शवभक्षी राजनीति को खुश होने का मौका नहीं देगी।

अपने एक अन्य ट्वीट में सुशील मोदी ने कहा है कि कभी राज्य से बाहर बिहार की खस्ताहाल सड़कों, घोटालों और तत्कालीन मुख्यमंत्रियों के नाम लेकर प्रवासियों का मजाक उड़ाया जाता था। लेकिन एनडीए सरकार ने देश में सबसे तेज विकास दर, हर गांव तक बिजली, फोरलेन सड़क और उच्च शिक्षा संस्थान तक विकसित कर बिहार का गौरव लौटाया। राजद नेता एवं सदन में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि जिनके नेता 50 दिन बाद अज्ञातवास से लौटे रहे हैं, उन्हें जमीनी हकीकत की जानकारी क्या होगी? वे गरीब मजदूरों को मेवा भेंट करने लायक नहीं समझते इसलिए ऐसे सुझाव पर मिर्ची लगती है।
वहीं एक अन्य ट्विट में कहा कि बिहार के सभी पेंशनधारियों के खाते में एकमुश्त तीन महीने की राशि का अग्रिम भुगतान कर दिया गया है। गरीब कल्याण योजना की राशि का भुगतान जारी है।

You may have missed