कोरोना महामारी के रोकथाम में रेल कर्मियों और रेलवे संगठनों का महत्वपूर्ण योगदान : डीआरएम
खगौल (अजीत यादव)। पूर्व मध्य रेल के दानापुर रेल मंडल में डीआरएम सुनील कुमार के मार्गदर्शन में वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के रोकथाम में सभी विभागों के रेल कर्मचारियों, अधिकारियों, रेलवे यूनियनों, महिला संगठनों आदि ने अपनी-अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुये भारतीय रेल में अपनी अलग पहचान बनाने एवं शीर्ष-स्थान पर पहुंचाने में कामयाब रहा है। इसके लिए निरंतर सफलता की ओर बढ़ने में प्रशासन एवं कर्मचारियों के मध्य यूनियन एक कड़ी के रूप में कार्य करता है तथा दोनों के बीच मजबूत औद्योगिक संबंध बनाये रखता है। कार्मिक विभाग, मंडल रेल प्रबंधक से समन्वय स्थापित करते हुए पूरे दानापुर मंडल में कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु दानापुर रेल मंडल अस्पताल के होमियोपैथ के डॉ. नन्दलाल शर्मा के नेतृत्व में होमियोपैथी दवा आर्सेनिक एल्बम-30 जो आयुष मंत्रालय द्वारा अनुमोदित है, सभी स्टेशनों एवं रेलवे कालोनियों में रेल कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के बीच वितरण किया गया है।
डीआरएम ने कहा कि इसी कड़ी में कोरोना महामारी के कारण घोषित लॉक डाउन के दौरान ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन, दानापुर मंडल द्वारा पूरे मंडल के क्षेत्राधिकार में कई प्रशंसनीय कार्य किये जा रहे हैं। इसमें पटना शाखा एवं सहायक अभियंता, परमानंद प्रसाद के संयुक्त तत्वावधान में लगातार 300 जरूरतमंद एवं बेसहारा लोगों को भोजन पैकेट वितरण का कार्य किया जा रहा है। वहीं दानापुर शाखा द्वारा भी यूनियन कार्यालय के समक्ष प्रतिदिन लगभग 250 लोगों को खाना खिलाने के साथ-साथ आरा, नवादा, झाझा, मोकामा जैसे स्थानों पर भी खाना खिलाने के कार्य किये गए हैं।
दानापुर में ही यूनियन की महिला शाखा की नेत्री सुमन प्रसाद द्वारा लॉक डाउन दौरान घर में ही उपलब्ध कपड़ों से लगभग 500 मास्क तैयार करके जरूरतमंदों के बीच वितरित किया गया है। बक्सर शाखा द्वारा भी 1100 से अधिक कपड़े का मास्क तैयार करा कर आरा से कुछमन के मध्य कार्यरत स्टेशन मास्टर, गार्ड, ड्राइवर, सिग्नल, ट्रैक्शन, कैरेज, सफाईवाला एवं ट्रैकमैन कर्मचारियों के बीच वितरण किया गया है।
इस विषम कोरोना संक्रमण जैसे संकट के लॉक डाउन के दौरान मंडल के सभी विभागों के रेल कर्मचारियों, अधिकारियों, महिला संगठनों आदि के साथ-साथ खास कर रेलवे यूनियनों की ओर से किये जा रहे उल्लेखनीय कार्यों हेतु मंडल के डीआरएम श्री कुमार ने प्रशंसा एवं बधाई दी गई है तथा हरसंभव सहयोग करने का आश्वासन दिया।


