पटना: जमीन विवाद में अपराधियों ने दो लोगों को मारी गोली, निशाने पर था कोई और
पटना। लॉक डाउन के बीच अपराधी पुलिस को चुनौती देने से बाज नहीं आ रहे हैं। सोमवार सुबह पटना जिला के दुल्हिन बाजार थाना क्षेत्र में बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने दो लोगों को गोली मार दी। जबकि अपराधियों के निशाने पर कोई और युवक था, जो भागकर खुद की जान बचाई। गोली लगने से घायल दोनों युवकों को आनन-फानन में पटना रेफर कर दिया गया, जहां दोनों युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन करने में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, जमीन विवाद को लेकर बाइक सवार तीन अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया है। अपराधियों के निशाने पर जो युवक था, वो तो भाग निकला। इस दौरान अपनी गाड़ी ठीक करवाने पहुंचे एक युवक को गोली लगी। वहीं जो युवक निशाने पर था वो जिस घर में छुपने के लिए भागा, वहां भी अपराधियों ने जाकर एक अन्य को गोली मार दी। दिनदहाड़े हुए इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। वहीं इस वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई है। वहीं घटना को लेकर लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।


