August 12, 2026

पथराव व गोलीबारी मामले में 56 नामजद व 200 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज, 9 गिरफ्तार

फतुहा। बीते रविवार की शाम केवला तल मुहल्ले में दो गुटों के बीच हुए पथराव व गोलीबारी मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने 56 नामजद व दो सौ अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। यह प्राथमिकी पुलिस ने फतुहा दनियावां के सीओ अजय राज के बयान पर दर्ज की है। प्राथमिकी दर्ज होते ही पुलिस ने घटना में शामिल लोगों को चिन्हित कर एक गुट के तरफ से चार तथा दूसरे गुट के तरफ से पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों गुटों के बीच शांति बनाए रखने के लिए स्थानीय तीन वार्ड पार्षदों के नेतृत्व में 11 सदस्यीय एक कमिटी स्थानीय प्रशासन द्वारा बनायी गई है। एएसपी मनीष कुमार सिन्हा के अनुसार फिलवक्त दोनों गुटों के बीच शांति बनी हुई है तथा पुलिस भी कैंप कर रही है। वहीं दुसरी तरफ प्रेम यूथ फाउंडेशन के द्वारा भी दोनों गुटों से मिलकर शांति की माहौल स्थापित करने की अपील की गई है। विदित हो कि रविवार को शाम एक विवादित जमीन में बालू गिराने को लेकर दो गुटों के बीच पथराव व गोलीबारी हो गई थी।

You may have missed