किसानों और पशुपालकों के लिए मल्टी लोकेशन आडियो कांफ्रेंस का आयोजन, दिया गया उचित परामर्श

फुलवारी शरीफ। बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय और रिलायंस फाउंडेशन के संयुक्त तत्वाधान में कोविड-19 से उत्पन्न स्थिति के मद्देनजर किसानों और पशुपालकों के लिए मल्टी लोकेशन आडियो कांफ्रेंस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों और पशुपालकों को पशुधन के स्वास्थ्य और सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारियां साझा की गयी, जिसमे बिहार के सात जिले क्रमश: पटना, वैशाली, नवादा, गया, भागलपुर, पूर्णिया और मधुबनी के 93 पशुपालकों और किसानों ने मल्टी लोकेशन आडियो कांफ्रेंस (टेलीफोनिक बातचीत) कार्यक्रम में भाग लिया एवं विशेषज्ञ द्वारा पशुओं और पशुपालन से सम्बंधित बीमारियां, लॉक डाउन और कोरोना संक्रमण में उत्पन्न समस्याओं पर उचित परामर्श प्राप्त किया। एक्सपर्ट के तौर पर महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक एवं वैज्ञानिक डॉ.पंकज कुमार फोन लाइन पर मौजूद रहे तथा लोगों के समस्याओं का समाधान किया।
डॉ. पंकज ने बताया कि जलवायु परिवर्तन को देखते हुए पशुओ के रखरखाव के प्रति सावधानियां बरतने की आवश्यकता है, ताकि उन्हें अतिवृष्टि , ओलावृष्टि, तापक्रम में परिवर्तन इत्यादि से उत्पन्न पाचन दुष्प्रभाव से बचाते हुए पशुओं को वायरल बुखार, निमोनिया, सर्दी की आम समस्या से बचाया जा सके। वहीं फिजियोलोजी एक्टिविटी, मेटाबोलिज्म डिसोर्डर जैसे डायरिया, मुहपका-खुरहा विषाणु जनित रोगों के संक्रमण से बचाया जा सके। उन्होंने किसानों को पशुओं के बीच मास्क पहनकर जाने की सलाह देते हुए पशुओं के पोषण, साफ-सफाई, सेनेटाईजेशन हेतु घर में मौजूद साबुन और पोटेशियम परमैगनेट के अधिक इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन रिलाइंस फाउंडेशन के प्रवीण गुड्डू, रोबिन रावी एवम विवेक सिंह द्वारा किया गया।

You may have missed