February 12, 2026

बिहार में कोरोना से 5वीं मौत, पॉजिटिव मरीजों की संख्या हुई 546, ठीक हुए 212  

file photo

पटना। लॉक डाउन-3 के दौरान बिहार में कोरोना संक्रमण की रफ्तार काफी थमी है। बिहार में गुरूवार को अब तक 4 नये मामले सामने आए हैं। जिसके बाद बिहार में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 546 हो गई है। वहीं बिहार में कोरोना वायरस से 5वीं मौत हुई है। गुरुवार को रोहतास जिले में कोरोना से एक 70 वर्षीय वृद्ध की मौत इलाज के क्रम में हो गई। मृतक सासाराम प्रखंड के धौडाड़ के निवासी थे। तीन दिन पूर्व तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल लाया गया था। गुरुवार को उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई, लेकिन इसके कुछ देर पहले ही उनकी मौत हो गई। पूर्व में कोरोना से 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें मुंगेर, वैशाली, सीतामढ़ी और पूर्वी चंपारण के मरीज शामिल हंै। हालांकि इन मरीजों को पहले से भी क्रॉनिक बीमारी थी। वहीं बिहार में कोरोना संक्रमित 212 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी है कि आज चार नए मरीज मिले हैं, उसमें दो रोहतास जिले में, एक औरंगाबाद और एक जहानाबाद में मिले हैं। सासाराम के 70 वर्षीय पुरुष और 56 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा औरंगाबाद और जहानाबाद के एक-एक युवक में कोरोना की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, राज्य का रिकवरी रेट 37.17 प्रतिशत है। तीन दिन पहले यह 25 प्रतिशत के आसपास था। बक्सर, रोहतास, नालंदा और सीवान में तेजी से मरीज ठीक हो रहे हैं। बता दें बीते बुधवार को सात केस सामने आए थे। स्वास्थ्य विभाग ने बताया था कि 29328 सैंपल्स की जांच हो चुकी है। बिहार में वर्तमान में 32 जिले कोरोना से प्रभावित हैं।

You may have missed