December 5, 2025

बिहार में दबंगों की तालिबानी पंचायत : तीन महिलाओं के साथ क्या हुआ, जानकर सिहर जाएंगे आप

पटना। बिहार में दबंगों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। दबंग आए दिन पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। अब जो मामला सामने आया है, उसे जानकर हर कोई हैरत में पड़ गया है। देशव्यापी लॉकडाउन के दौरान मुजफ्फरपुर जिला में सैकड़ों की भीड़ की मौजूदगी में पंचायत का तालिबानी चेहरा सामने आया है। गांव के दबंगों ने तीन महिलाओं को डायन ठहरा कर उन्हें पहले पीटा, फिर सिर के बाल मूड़कर मैला (पाखाना का घोल) पिलाया और निर्वस्त्र कर पूरे गांव में घुमाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो गया है। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नौ लोगों को गिरफ्तार की है। वहीं घटना को लेकर राष्ट्रीय जनता दल नेता अमरेंद्र कुमार ने कहा कि इससे सरकार की नाकामी उजागर हो गई है।

मिली जानकारी के अनुसार मुजफ्फरपुर के हथौड़ी थाना अंतर्गत एक गांव में सोमवार को दबंगों की तालिबानी पंचायत बैठी। ग्रामीणों की भीड़ के बीच पंचों ने तीन महिलाओं को डायन करार दे दिया। पंचायत के फैसले के अनुसार भीड़ ने पहले महिलाओं को जमकर पीटा, फिर सिर मूंड़ कर मैला पिलाया। इसके बाद निर्वस्त्र कर पूरे गांव में घुमाया। इस दौरान महिलाएं खुद को छोड़ देने की लगातार गुहार लगाती रहीं, लेकिन हैवानों के ऊपर उनके गुहार का कोई असर नहीं हुआ और हैवानियत का नंगा नाच होती रही। इस दौरान घटना स्थल पर सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन वह तमाशबीन बने रहे। इस दौरान महिलाओं को भद्दी-भद्दी गालियां दी जाती रही। पिटाई से बचने के लिए पीड़ित महिलाओं ने भीड़ के सामने समर्पण कर दिया। इसके बाद उनका बुरा हाल किया गया। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। जिसे देखकर हर कोई हैरत में पड़ गया है। इधर, घटना के बाद पीड़ित महिलाएं सदमे में हैं। इस बाबत गांव में कोई व्यक्ति उन दबंगों के खिलाफ मुंह खोलने को तैयार नहीं है।
समाचार एजेंसी से मिली जानकारी के अनुसार मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने संज्ञान लिया है। मुजफ्फरपुर पूर्वी के अनुमंडल पदाधिकारी ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। एडीजी जितेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में 15 से अधिक लोगों के खिलाफ नामजद एफआइआर दर्ज़ की है। अभी तक नौ की गिरफ्तारी हो चुकी है।

You may have missed