जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा में मुठभेड़, कर्नल सहित पांच जवान शहीद, 2 आतंकवादी मारे गए
CENTRAL DESK : जम्मू-कश्मीर राज्य के हंदवाड़ा में आतंकियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान चांजमुल्ला इलाके में हुए मुठभेड़ में कर्नल और मेजर समेत भारतीय सेना के पांच जवान शहीद हो गए हैं। इस मुठभेड़ में दो आतंकी मार गिराए गए हैं। वहीं जम्मू-कश्मीर पुलिस का एक जवान भी आतंकियों से मुठभेड़ में शहीद हो गया। यह इलाका उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा जिले का हिस्सा है। सेना ने बंधक बनाए गए नागरिकों को बचाने के लिए अभियान चलाया। कश्मीर के आईजी विजय कुमार ने बताया कि हंदवाड़ा मुठभेड़ में पाकिस्तान के रहने वाला हैदर, जो लश्कर ए तयबा के कमांडर था, को मार गिराया गया है। शहीद जवानों में 21 राष्ट्रीय रायफल्स के कर्नल आशुतोष, मेजर अनुज सूद, नायक राजेश और लांस नायक दिनेश शामिल हैं। कर्नल आशुतोष को कश्मीर में बहादुरी के लिए दो बार वीरता पदक मिल चुका था।
मिली जानकारी के अनुसार आतंकियों के साथ मुठभेड़ हंदवाड़ा के छंजमुला गांव में चल रही थी। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि लश्कर के आतंकियों का एक दल बीते कुछ दिनों से राजवार के जंगलों में देखा जा रहा था। इनमें लश्कर का नामी डिवीजनल कमांडर हैदर भी बताया जा रहा है। सूत्रों की मानें तो हैदर एलओसी पार से आने वाले आतंकियों के एक नए दस्ते को लेने अपने साथियों संग आया था। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों ने इस तथ्य की पुष्टि नहीं की है।


