‘मास्क पहनो इंडिया’ अभियान के तहत एक करोड़ मास्क वितरित करेगी युवा कांग्रेस

पटना। एक मई को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस की जिलाध्यक्षों और प्रदेश पदाधिकारियों की कार्यसमिति की बैठक प्रदेश अध्यक्ष गुंजन पटेल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सह बिहार युवा कांग्रेस के प्रभारी अमित यादव और राजेश सिन्हा सन्नी भी शामिल थे।
बैठक में कोरोना महामारी के संकट की घड़ी में राज्य सरकार की अनदेखी और लचर व्यवस्था के कारण आम जनता को राशन वितरण, स्वास्थ्य व्यवस्था सहित आवश्यक सेवाओं में हो रही परेशानियों पर विस्तार से चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन के माध्यम से असहाय और जरूरतमंद लोगों तक सूखा राशन, पका हुआ भोजन, जरूरी दवाईयां, हरी सब्जी, मास्क सहित आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाने का काम किया जा रहा है और स्थानीय स्तर पर सैनिटाइजेशन का भी काम किया जा रहा है।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष गुंजन पटेल ने कहा कि युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी के द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि पूरे देश में ‘मास्क पहनो इंडिया’ अभियान के तहत एक करोड़ मास्क का वितरण किया जाएगा। इस क्रम में बिहार में युवा कांग्रेस पांच लाख मास्कों को स्थानीय स्तर पर बनवा कर वितरित करेगी, जिससे कुछ लोगों का रोजगार सृजन भी होगा। बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष दौलत इमाम, उपाध्यक्ष कुमार रोहित सहित कई जिला अध्यक्षों और प्रदेश पदाधिकारीयों ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

You may have missed