खबरें फतुहा की : प्रवासी मजदूरों को खिलाया खाना, भाकपा माले का उपवास, कोरोना योद्धाओं हुए सम्मानित, मृत्युंजय बने जिला प्रवक्ता

तीन दिन से भूखे प्रवासी मजदूरों को खिलाया खाना
फतुहा। तीन दिनों से भूखे-प्यासे पैदल फतुहा पहुंचे प्रवासी मजदूरों को थाना के पास वार्ड पार्षद दीपक कुमार व मनोज मेहता ने खाना खिलाया। यह सभी मजदूर फरीदाबाद से पैदल सड़क के रास्ते आ रहे थे। उनके पास बिस्कुट खरीदने तक के पैसे नहीं थे। इन लोगों को भागलपुर जाना था। प्रवासी मजदूरों ने बताया कि फरीदाबाद में केमिकल फैक्ट्री में दवा पैकिंग का काम करते थे। फैक्ट्री बंद कर दी गई। पैसे का भी भुगतान नहीं किया गया। भूख से शरीर काम नहीं कर रहा है। खाना खाने के बाद सभी प्रवासी मजदूर भागलपुर के लिए रवाना हो गए।

भाकपा माले ने किया उपवास


फतुहा। सोमवार को भाकपा माले के कार्यकर्ताओं के द्वारा बाहर फंसे मजदूरों को वापस घर बुलाने को लेकर जगह-जगह पर उपवास किया। सोशल डिस्टेंस के तहत उपवास पर बैठे कार्यकर्ताओं के द्वारा मनरेगा के तहत काम की गारंटी देते हुए दैनिक मजदूरी 500 देने की मांग की। साथ ही बिन मौसम बरसात से किसानों की हुई अपार क्षति पर इस विकट स्थिति में यथाशीघ्र मुआवजा देने की मांग की। उपवास के तहत प्रखंड सचिव शैलेंद्र यादव, संजय दास, सुदामा दास, पंकज यादव, दीना साव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोरोना योद्धाओं को सम्मानित कर दिया मास्क


फतुहा। सोमवार को भाजपा नगर अध्यक्ष शोभा देवी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोरोना फाइटर्स को सम्मानित कर मास्क व सीनेटाइजर दिए गए। कार्यकर्ताओं ने पत्रकारों को भी सम्मानित किया। थानाध्यक्ष मनीष कुमार, नदी थाना प्रभारी सकेंन्द्र कुमार, चिकित्सा प्रभारी डॉ. अनुपमा के साथ-साथ पत्रकार व सफाई कर्मी को भी अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। साथ में घर के सीले मास्क का वितरण किया गया। इस मौके पर महिला मोर्चा की अध्यक्ष अनामिका अग्रवाल, दिनेश चन्द्रवंशी समेत कई लोग मौजूद थे।

मृत्युंजय बने राजद के जिला प्रवक्ता


फतुहा। सोमवार को डुमरी निवासी मृत्युंजय यादव को राजद जिलाध्यक्ष देवमुनि यादव ने जिला प्रवक्ता के पद पर मनोनीत किया है। इनके मनोनयन पर राजद कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष के साथ-साथ तेजस्वी यादव को भी बधाई दी है। बधाई देने वालों में दयानंद यादव, विनोद यादव, मनोज यदुवंशी, भोला सिंह, मनोज सिंह समेत कई कार्यकर्ता शामिल हैं।

You may have missed