स्वयं अफवाह का खंडन करना पड़ा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को,आमजनों से की अफवाहों से सावधान रहने की अपील
नई दिल्ली।कोरोना वायरस के संक्रमण के खतरों के मद्देलगाए गए राष्ट्रव्यापी लॉक डाउन के बीच सोशल मीडिया में तरह-तरह के अफवाहों के बाजार सख्त प्रशासनिक चेतावनी के बावजूद जारी है। यहां तक कि अफवाहबाजी से परेशान हो कर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वयं ट्वीट करके अफवाहों से बचने की अपील करनी पड़ी।सोशल मीडिया पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में 5 मिनट खड़े होने संबंधी अफवाह का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद खंडन किया है।उन्होंने कहा कि यह किसी का खुराफात है।इतना ही नहीं उन्होंने ट्वीट के माध्यम से ऐसे अफवाहों से सावधान रहने की अपील की है।साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि अगर इतना ही सम्मान देने की सदइच्छा जग रही हो तो कोरोना संक्रमण काल तक किसी गरीब की जिम्मेदारी अपने ऊपर ले लें। अपने ट्वीट के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि’मेरे ध्यान में लाया गया है कि कुछ लोग यह मुहिम चला रहे हैं कि 5 मिनट खड़े रहकर मोदी को सम्मानित किया जाए। पहली नजर में तो यह मोदी को विवादों में घसीटने की कोई खुराफात लगती है।’

प्रधानमंत्री ने ऐसे लोगों से सावधान रहने की अपील करते हुए दूसरा ट्वीट भी किया। दूसरे ट्वीट में उन्होंने कहा है।’हो सकता है कि यह किसी की सदिच्छा हो, तो भी मेरा आग्रह है कि यदि सचमुच में आपके मन में इतना प्यार है और मोदी को सम्मानित ही करना है तो एक गरीब परिवार की जिम्मेदारी कम से कम तब तक उठाइए, जब तक कोरोना वायरस का संकट है। मेरे लिए इससे बड़ा सम्मान कोई हो ही नहीं सकता।’

