February 17, 2026

किसी हाल में भाजपा-जदयू या राजद के साथ नहीं जाएंगे पप्पू यादव,सौ सीटों पर उतारेंगे अपने प्रत्याशी

पटना।बिहार में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में पप्पू यादव के नेतृत्व वाली जन अधिकार पार्टी अपने बलबूते प्रदेश के 100 विधानसभा सीटों पर चुनाव मैदान में उतरेगी।पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व सांसद पप्पू यादव ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि उनकी पार्टी राज्य में भाजपा-जदयू अथवा राजद तीनों में से किसी के साथ हाथ नहीं मिलाने वाली है। पूर्व सांसद ने कहा कि किसी भी हालात अथवा किसी भी कीमत पर वे भाजपा जदयू तथा राजद के साथ राजनीतिक गठबंधन नहीं करने वाले हैं।जाप की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के बैठक के बाद पूर्व सांसद पप्पू यादव ने मीडिया को यह बातें बताईं।आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी को कांग्रेस से परहेज नहीं है।मगर राजद के साथ राजनीतिक गठबंधन पर एतराज कायम रहेगा।इस अवसर पर पूर्व सांसद पप्पू यादव ने हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की भी चर्चा की।जीतन राम मांझी के प्रति अपना रुख क्लियर करते हुए उन्होंने कहा कि वह एक बड़े नेता है।उनके पास राजनीतिक अनुभव भी है।पूर्व सांसद की बातों से यह साफ अंदेशा जाहिर हो रहा था कि कहीं ना कहीं वे मांझी जी को अपने साथ आने का अप्रत्यक्ष आमंत्रण दे रहे थे।राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद पूर्व सांसद पप्पू यादव ने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गहन मंथन कर रही है।समान विचारधारा वाले दलों के साथ पार्टी सकारात्मक रुख अपनाएगी।गौरतलब है कि गत लोकसभा चुनाव में पप्पू यादव तथा उनकी पत्नी रंजीता रंजन दोनों ही अपने-अपने क्षेत्रों से चुनाव हार गए थे। फिलहाल उनके पार्टी में ना कोई विधायक है ना कोई सांसद।इस वस्तु स्थिति को समझते हुए पप्पू यादव अपनी आगामी रणनीति बनाने में अभी से जुड़ गए हैं।

You may have missed