बिहार सरकार का बड़ा फैसला-31 मार्च तक बंद रहेंगे सभी शिक्षण संस्थान, चिड़ियाघर,प्रदेश के सारे कार्यक्रम भी स्थगित
पटना। विश्व भर में महामारी की तरह फैल रहे कोरोना वायरस को लेकर बिहार सरकार ने बड़ा फैसला लिया है।बिहार सरकार ने 31 मार्च तक राज्य के सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का निर्देश जारी किया है।इतना ही नहीं राज्य में होने वाले कई बड़े आयोजनों के साथ खेलकूद सम्बंधी कार्यक्रमों को भी स्थगित करने का निर्देश जारी किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुई उच्च स्तरीय बैठक के बाद राज्य के मुख्य सचिव दीपक कुमार ने राज्य सरकार के तरफ से कोरोना वायरस को लेकर लिए गए निर्णयों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी है। आगामी 31 मार्च तक प्रदेश में किसी भी तरह के बड़े आयोजनों पर भी रोक लगा दी गई है।किसी भी तरह के खेल अथवा सांस्कृतिक कार्यक्रम पर भी पूरी तरह से 31 मार्च तक रोक लगाई गई है।सरकार ने सभी विभागों के साथ-साथ राजधानी पटना के चिड़ियाघर को भी 31 मार्च तक बंद रखने का फैसला किया है।मुख्य सचिव दीपक कुमार ने कहा है कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को भी सरकार ने बंद रखने का फैसला किया है।नीतीश सरकार इस मामले पर कार्यालयों में सरकारी कर्मियों को रोटेशन के तौर पर कार्य संचालन की योजना तैयार कर रही है। सरकार की कोशिश है कि सरकारी कार्यालयों में भी एक साथ बहुत ज्यादा कर्मी ना रहें।

बिहार में कोरोना वायरस को सबसे ज्यादा खतरा नेपाल से सटे सीमावर्ती जिलों में फैलने का है। इसके लिए सरकार के चार निदेशक प्रमुख को जिम्मेदारी दी गई है।

