पटना में साले पर बहनोई की बेरहमी से पिटाई का आरोप

  • लहूलुहान हालत में थाने पहुंचा युवक, गोपालपुर थाना में दर्ज हुई एफआईआर

फुलवारीशरीफ। पटना जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि दो साले ने मिलकर अपने बहनोई की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लहूलुहान हालत में घायल युवक सीधे गोपालपुर थाना पहुंचा, जहां पुलिस ने पहले उसका इलाज कराया और बाद में लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की। मिली जानकारी के अनुसार घटना देर रात की बताई जा रही है। घायल युवक की पहचान जावेद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। बताया जाता है कि वह पिछले करीब दो वर्षों से गोपालपुर दियारा इलाके में रहकर तकिया बनाने और बेचने का काम करता है। घायल जावेद ने आरोप लगाया है कि उसके दो साले हासिम और आलिम खान लगातार उसके कारोबार में दखल दे रहे थे। कई बार समझाने के बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ। पीड़ित का कहना है कि विरोध करने पर दोनों ने मिलकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद घायल अवस्था में जावेद गोपालपुर थाना पहुंचा। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने पहले उसे इलाज के लिए बीएचसी संपतचक भेजा, जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। इलाज के बाद जावेद ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इधर गोपालपुर थाना अध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।