कांग्रेस को बिहार में गिरवी नहीं होने देंगे” – 17 मार्च को पटना में कांग्रेसी नेताओं का बड़ा महासम्मेलन
पटना। बिहार कांग्रेस की मौजूदा स्थिति को लेकर पार्टी के समर्पित नेताओं ने गुरुवार को पटना के एक स्थानीय होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा ऐलान किया। इस संवाददाता सम्मेलन को एआईसीसी सदस्य आनन्द माधव, पूर्व विधायक छत्रपति यादव, वरीय नेता नागेंद्र पासवान विकल एवं वसी अख्तर ने भी संबोधित किया। प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेता रवि गोल्डन कुमार एवं राहुल मिश्रा भी रहे। एआईसीसी सदस्य आनन्द माधव ने कहा कि “बिहार कांग्रेस बचाओ महासम्मेलन” किसी शौकिया कार्यक्रम का हिस्सा नहीं, बल्कि पार्टी की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए मजबूरी में उठाया गया कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार कांग्रेस में फैले भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और अराजकता के कारण पार्टी लगातार अपना जनाधार और जनविश्वास खोती जा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार कांग्रेस को गिरवी होने से बचाने और संगठन में सक्रिय एजेंटों को हटाने के लिए यह महासम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।सदाकत आश्रम को दलालों से मुक्त कराना है। आनन्द माधव ने बताया कि यह महासम्मेलन 17 मार्च को पटना में आयोजित होगा। इसके लिए पहले सदाकत आश्रम में स्थान मांगा गया था, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के बाद अब कार्यक्रम लक्ष्मी नारायण उत्सव हॉल (पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास), पश्चिमी बोरिंग कैनाल रोड, पटना में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस महासम्मेलन में बिहार के लगभग सभी जिलों से प्रतिनिधि भाग लेंगे। इनमें राज्य स्तरीय प्रतिनिधियों के साथ-साथ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि, जिलों के पदाधिकारी और कई वरीय कांग्रेसी नेता शामिल होंगे। आनन्द माधव ने कहा कि आज बिहार में कांग्रेस की स्थिति पहले से अधिक चुनौतीपूर्ण हो गई है, लेकिन इसके बावजूद जमीनी कार्यकर्ता पार्टी के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि कभी ऐसा दौर भी था जब कांग्रेस के सिर्फ चार विधायक थे, लेकिन उस समय भी संगठन का मनोबल इतना कमजोर नहीं था, जितना की आज है। उन्होंने बताया कि महासम्मेलन को सफल बनाने के लिए पूरे बिहार का दौरा किया गया। इस दौरान खगड़िया के पूर्व विधायक छत्रपति यादव और नागेंद्र पासवान विकल ने हर जिले में जाकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया, जबकि राजकुमार राजन ने भी कुछ जिलों में बैठकें कीं। समर्पित कांग्रेसी नागेंद्र पासवान विकल का दावा है कि पूरे बिहार में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है और कार्यकर्ता चाहते हैं कि कांग्रेस एक बार फिर राज्य में मजबूती से खड़ी हो। वहीं पूर्व विधायक छत्रपति यादव का कहा कि “बिहार कांग्रेस बचाओ महासम्मेलन” का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं के विश्वास को पुनः स्थापित करना है।सबसे महत्वपूर्ण 2029 में राहुल जी को प्रधानमंत्री बनाना जिसका रास्ता बिहार से ही जाता है।


