किशनगंज में कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर, तीन लोगों की मौत

किशनगंज। बिहार के किशनगंज जिले में बहादुरगंज-ठाकुरगंज मुख्य मार्ग पर कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना खैखाट चौक के पास शुक्रवार देर शाम हुई, जिससे क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। मृतकों की पहचान मोटरसाइकिल चालक शादाब आलम (30), खैखाट निवासी राहगीर शाह आलम (26) और नजीर अहमद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शादाब आलम की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल शाह आलम और नजीर अहमद ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाना अध्यक्ष संदीप कुमार, पौआखाली थाना अध्यक्ष अंकित कुमार सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस पदाधिकारी गौतम कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण के लिए किशनगंज सदर अस्पताल भेज दिया और दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह हादसा बहादुरगंज-ठाकुरगंज मुख्य मार्ग पर खैखाट चौक के समीप हुआ। बताया जाता है कि शादाब आलम इफ्तार के बाद अपने घर ताराबारी से लोहागाड़ा की ओर किसी जरूरी काम से जा रहे थे। उसी दौरान ठाकुरगंज की ओर से तेज गति से आ रहे चार पहिया वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचना दी। बहादुरगंज थाना अध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं और पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।

You may have missed