खबरें फतुहा की : वार्ड सदस्य के घर पर फायरिंग, अनुरोध बने प्रदेश उपाध्यक्ष, स्कूलों में पढ़ाई ठप
असमाजिक तत्वों ने वार्ड सदस्य के घर पर किया फायरिंग, शिकायत दर्ज
फतुहा। बीते रविवार की रात्रि थाना क्षेत्र के अंग्रेज चक गांव में वार्ड सदस्य के घर असमाजिक तत्व के लोगों ने फायरिंग की है। हालांकि इस घटना में किसी की भी हताहत होने की सूचना नहीं है। लेकिन वार्ड सदस्य अरविंद कुमार चन्द्रवंशी ने असमाजिक तत्व के लोगों के विरुद्ध नामजद शिकायत थाने में दर्ज करायी है। बताया जाता है कि बगल के गांव के कुछ युवक अंग्रेजचक गांव के पास आपस में कुछ आपत्तिजनक बातें कर रहे थे। यह सुन वार्ड सदस्य ने उनलोगों को मना किया तो असमाजिक तत्व के लोग उनसे उलझ गए। बाद में जब वे अपने घर पहुंचे तो असमाजिक तत्व के लोगों ने उनके घर पर दहशत फैलाने के उद्देश्य से करीब आठ से दस राउंड फायरिंग की। घटना के बाद से गांव में दहशत कायम है। शिकायत के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

सामान काम का समान वेतन की टोपी पहन हड़ताली शिक्षकों ने दिया धरना
फतुहा। प्रखंड के प्राय: सभी स्कूलों में पिछले 17 फरवरी से पठन-पाठन पूरी तरह से ध्वस्त है। स्कूलों के नियोजित शिक्षक स्कूलों में ताला लगा प्रखंड मुख्यालय पर धरना व प्रदर्शन कर रहे हैं। इस कड़ी में सोमवार को बीआरसी भवन के आगे हड़ताली शिक्षकों ने सामान काम का समान वेतन को लेकर कागजी टोपी पहन धरना दिया। धरने का नेतृत्व कर रहे शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति के प्रखंड अध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि सरकार के तानाशाही रवैये के आगे हमलोग झुकने वाले नहीं हंै। सरकार को वार्ता करने के लिए आगे आना ही होगा। इस मौके पर रंधीर कुमार, रिषि दीना नाथ सिंह, हितेश कुमार, धर्मवीर कुमार, अनिल कुमार, समेत कई शिक्षक मौजूद थे।
फतुहा के अनुरोध कुमार बने जदयू युवा के प्रदेश उपाध्यक्ष

फतुहा। सोमवार को जदयू युवा के प्रदेश अध्यक्ष अभय कुशवाहा ने स्थानीय सौदागर कोठी निवासी अनुरोध कुमार को प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर मनोनीत किया है। इनके मनोनयन पर स्थानीय कार्यकर्ताओं ने हर्ष जताते हुए बधाई दी है। बधाई देने वालो में विशन कुमार बिट्टू, रंधीर यादव, सतपाल सिंह आजाद, अभय सिंह, मुन्ना यादव, ज्ञानचंद सिंह, केसटो सिंह, अनिल पासवान, बबलू सिंह समेत कई गणमान्य लोग भी शामिल हैं।

