August 12, 2026

अप्रैल के पहले सप्ताह में ही हीटवेव से लोग परेशान, भयंकर गर्मी का अलर्ट जारी, चलेगी गर्म हवाएं

पटना। बिहार में अप्रैल के पहले सप्ताह से ही गर्मी ने अपना प्रभाव दिखाना शुरू कर दिया है। राज्य भर में तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे लोग खासे परेशान हैं। कुछ इलाकों में हल्के बादल छाए रहने के बावजूद गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण गर्मी का असर और भी ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
तेज धूप और शुष्क मौसम का असर
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और तेज धूप से तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। फिलहाल अधिकतम तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह रहा है और यह आने वाले दिनों में 40 डिग्री के करीब पहुंच सकता है। गर्म हवाएं यानी पछुआ हवा मध्यम से तेज गति से चलने की संभावना जताई गई है, जिससे लू जैसे हालात बन सकते हैं।
बारिश की संभावना और चक्रीय परिसंचरण का प्रभाव
मौसम विभाग ने 7 और 8 अप्रैल को बिहार के कुछ जिलों में बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर असम और उसके आसपास के क्षेत्र में समुद्र तल से लगभग 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक एक ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण बना हुआ है। इसी तरह का चक्रीय परिसंचरण हिमालयन पश्चिम बंगाल और उसके आस-पास के क्षेत्रों में भी देखा गया है। इसका असर बिहार के मौसम पर भी पड़ सकता है और कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
सबसे गर्म रहा खगड़िया जिला
3 अप्रैल को बिहार के खगड़िया जिले में सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा 38.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा शेखपुरा में 38.4 डिग्री, गोपालगंज में 38.1 डिग्री, वाल्मीकिनगर, मोतिहारी और बांका में 37.5 डिग्री, गया में 37.2 डिग्री और दरभंगा में 37 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इन जिलों में सामान्य से अधिक गर्मी महसूस की जा रही है।
इन जिलों में बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक, बांका, जमुई, नालंदा, गया, नवादा, जहानाबाद, शेखपुरा और मुंगेर जैसे जिलों में आने वाले दिनों में सामान्य से अधिक तापमान दर्ज हो सकता है। तेज गर्मी के साथ-साथ इन इलाकों में गर्म हवाएं चलने की भी संभावना है, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं
हाल फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। हालांकि 7 और 8 अप्रैल को संभावित बारिश से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन उसके बाद फिर से मौसम के शुष्क होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो अगले कुछ हफ्ते बिहार के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं और गर्मी का असर और तेज़ होगा। ऐसे में लोगों को लू से बचाव के उपाय करने और दिन के समय घर से बाहर निकलने से परहेज करने की सलाह दी जा रही है।

You may have missed