राजद की सूची पर राजद नेताओं में उभरे असंतोष के स्वर, उठाना पड़ सकता है खामियाजा

बाढ़ (अखिलेश्वर सिन्हा)। राजद की सूची जारी होते ही राजद नेताओं एवं कार्यकर्ताओं में असंतोष के स्वर बुलंद होने लगे हैं। शनिवार को नवगठित जिला बना बाढ़ के राजद कार्यकर्ताओं की आपात बैठक अ.ना. सिंह महाविद्यालय के प्रांगण में हुई। इस बैठक में दर्जनों राजद सदस्यों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता शिवकुमार यादव ने की। सर्वसम्मति से बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने नवनियुक्त बाढ़ जिला अध्यक्ष महेश सिंह के मनोनयन पर असहमति व्यक्त करते हुए राजद द्वारा जारी नयी जिला अध्यक्षों की सूची का पूरजोर विरोध किया। बैठक में सदस्यों ने कहा कि नवनियुक्त जिलाध्यक्ष महेश सिंह लगातार जदयू के सदस्य एवं उनके पदाधिकारी के रूप में हाल के दिनों तक कार्य करते रहे हैं। सूचना के अनुसार राष्ट्रीय जनता दल के प्राथमिक सदस्य भी नहीं रहे हैं। श्री सिंह के मनोनयन से राजद कार्यकर्ता आहत एवं मर्माहत हैं और हम सभी महेश सिंह के बाढ़ जिलाध्यक्ष पद पर मनोनयन का कड़ा विरोध दर्ज कराते हैं एवं राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह से इस पर पुनर्विचार की अपील करते हैं। राजद कार्यकर्ताओं ने यहां तक कहा कि अगर हमारे अपील पर पुनर्विचार नहीं किया जाता है तो हम सभी कार्यकर्ता सामूहिक रूप से राजद से इस्तीफा दे देंगे।
बता दें शुक्रवार को ही राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने राजद जिलाध्यक्षों की सूची जारी की थी, जिसमें कई नए चेहरे को सूची में स्थान दिया गया है। जिससे कई राजद नेताओं एवं कार्यकर्ताओं में असंतोष देखा जा रहा है। कहीं यह असंतोष का स्वर इसी वर्ष होने जा रहे बिहार विधानसभा चुनाव में राजद का खेल ना बिगाड़ दे।
बताते चलें कि बाढ़ के स्थानीय राजद नेता राजीव कुमार चुन्ना हमेशा राजद का जनाधार बढ़ाने में लगे रहे हैं। वे लगातार बाढ़ विधानसभा क्षेत्र के लोगों से मिलते जुलते रहे और उन्हें लगातार लोगों का समर्थन भी मिलता रहा है। यहां तक उन्होंने राजद के कई आयोजनों को सफल बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। ऐसे में सूची से राजीव का नाम हट जाना, उनके कार्यकर्ताओं व समर्थकों को नागवार गुजरा है। इससे बाढ़ विधानसभा में राजद को एक जाति विशेष वोटरों का नुकसान उठाना पड़ सकता है। क्योंकि राजीव कुमार चुन्ना का इन मतदाताओं के बीच खासा दबदबा बताया जाता है।
बैठक में विजय प्रसाद, आलोक सिंह, अनिल कुमार, मुकेश पासवान, सनोज कुमार, धर्मवीर कुमार, शशि कुमार, श्यामसुंदर यादव, सिंटू यादव, गौतम कुमार कृष्ण देव पंडित मनोज कुमार, राकेश कुमार पंकज यादव आदि दर्जनों राजद कार्यकर्ता मौजूद थे।

You may have missed