नशे के कारोबार में लिप्त पाए जाने वाले अधिकारियों पर होगी कठोर कार्रवाई : डीजीपी
फुलवारी शरीफ (अजीत)। शनिवार को बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे ने युवाओं से कहा कि नशा मुक्त बिहार बनाने के अभियान को सफल बनायें, तभी आपका और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और विकसित भविष्य दे पायेंगे। संपतचक के चिपुरा पंचायत अंतर्गत चिपुरा उत्क्रमित मध्य विद्यालय में नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाने की लोगों से अपील करते हुए डीजीपी ने कहा कि चाहे थानेदार हो या कोई भी बड़ा अधिकारी ही क्यों न हों, शराब और नशा के किसी भी कारोबार में संलिप्तता पायी गयी तो उनपर कठोर कार्रवाई होगी। युवाओं और महिलाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि आप जरा भी नहीं घबराएं और अपने आपको डीजीपी समझकर नशा के कारोबारियों को पकड़वाएं। उन्होंने आगे कहा कि जाति, धर्म, मजहब से ऊपर उठकर मिल जुलकर नशामुक्ति के इस अभियान को सफल बनाएं। राज्य के पुलिस महकमे के मुखिया गुप्तेश्वर पांडे ने लोगों से नशा मुक्ति अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की बात कहते हुए कहा कि किसी भी देश का विकास उसके नागरिकों के स्वास्थ्य पर निर्भर करता है लेकिन नशे की बुराई के कारण यदि मानव स्वास्थ्य खराब होगा तो देश का विकास कभी नहीं हो सकता। इसलिए इस नशे की बुराई को खत्म करने के लिए आम-आवाम को आगे आना होगा। समाज में पनप रहे अपराधों का एक कारण नशा भी है। नशे की प्रवृत्ति के साथ-साथ अपराधियों की संख्या में भी वृद्धि हो रही है इसलिए इस बुराई को जड़ से खत्म करना होगा और यह बुराई तभी खत्म हो सकता है कि हम सब आपस में मिलकर इस अभियान को सफल बनाएं। डीजीपी को समारोह स्थल पर कई महिलाओं और अन्य ग्रामीणों ने शिकायत भी किया कि स्थानीय पुलिस की मिलीभगत से स्थानीय इलाके में शराब का काला कारोबार फलफूल रहा है, जिससे काफी परेशानी होती है। डीजीपी ने शिकायतों को काफी गंभीरता से लिया और जल्द ही कड़ी कार्रवाई करने की बात कही।
डीजीपी के स्वागत में ग्रामीणों और नृत्य संगीत मंडली ने नशा मुक्ति अभियान पर आधारित गान भी सुनाया। समारोह में पहुंचने पर डीजीपी का स्थानीय चिपुरा पंचायत मुखिया सह पटना महानगर योजना समीति के उपाध्यक्ष सतीश कुमार सिंह ने पुष्प गुच्छ और शॉल देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में सिटी एसपी पूर्वी जितेन्द्र कुमार, सदर एएसपी किरण कुमार, मसौढ़ी डीएसपी सहित संपतचक उप प्रमुख रंजीत कुमार टप्पू, चिपुरा मुखिया सतीश कुमार सिंह, भाजपा नेता सरोज रंजन पटेल सहित अन्य जनप्रतिनधि मौजूद रहे।


