November 18, 2025

दिल्ली चुनाव: शुरुआती रुझानों में भाजपा बहुमत के पार, आप और कांग्रेस को झटका, कई दिग्गज पीछे

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को स्पष्ट बढ़त मिलती दिख रही है। अब तक आए आंकड़ों के अनुसार, भाजपा 48 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) 20 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। कांग्रेस को केवल 1 सीट पर बढ़त मिली है। इन रुझानों के आधार पर भाजपा बहुमत का आंकड़ा पार कर चुकी है। चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, अब तक 57 सीटों के रुझान सामने आए हैं। इनमें भाजपा 37 और आप 20 सीटों पर आगे है। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि भाजपा की सरकार बन सकती है।
प्रमुख उम्मीदवारों की स्थिति
नई दिल्ली सीट से आम आदमी पार्टी के प्रमुख नेता और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल फिलहाल पीछे चल रहे हैं। वहीं, कालकाजी सीट से आप उम्मीदवार आतिशी को भी बढ़त नहीं मिल रही है। दूसरी ओर, जंगपुरा से मनीष सिसोदिया और पटपड़गंज से अवध ओझा आगे चल रहे हैं। शुरुआती रुझानों में वे भी पीछे थे, लेकिन अब उन्होंने बढ़त बना ली है।
मतदान और एग्जिट पोल का आकलन
दिल्ली में 5 फरवरी को हुए मतदान में कुल 60.54% वोट डाले गए थे। चुनाव के बाद कुल 14 एग्जिट पोल सामने आए, जिनमें से 12 ने भाजपा को बहुमत मिलने का अनुमान लगाया था, जबकि 2 ने आम आदमी पार्टी की सरकार बनने की संभावना जताई थी। अब मतगणना के रुझान एग्जिट पोल की पुष्टि करते नजर आ रहे हैं।
आप का दावा और चुनावी संघर्ष
आप की उम्मीदवार आतिशी ने मतगणना से पहले कहा था कि यह चुनाव एक सामान्य राजनीतिक लड़ाई नहीं है, बल्कि “अच्छाई और बुराई” के बीच की लड़ाई है। उन्होंने दावा किया था कि दिल्ली की जनता अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के साथ है और केजरीवाल चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगे। हालांकि, अब तक के रुझानों में आप को झटका लगता दिख रहा है। दोपहर 12 बजे तक चुनाव परिणाम की तस्वीर और भी स्पष्ट हो जाएगी। अगर भाजपा की बढ़त कायम रहती है, तो यह दिल्ली की राजनीति में एक बड़ा बदलाव साबित हो सकता है।

You may have missed