कटिहार में घरेलू विवाद से तंग आकर शिक्षक ने की आत्महत्या, होटल के कमरे में लगाई फांसी
कटिहार। बिहार के कटिहार जिले में शुक्रवार देर रात को एक शिक्षक ने होटल के कमरे में आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि शिक्षक को कई महीनो से सैलरी नहीं मिल रही थी जिसके बाद उनके घर में लगातार विवाद हो रहे थे और इस घरेलू विवाद से तंग आकर शिक्षक ने अपने जीवन को समाप्त कर लिया। घटना जिले के पुराना बाटा चौक स्थित मन्नत होटल की है। यहाँ शुक्रवार की रात एक शिक्षक का शव फंदे से लटका हुआ मिला है। यह घटना होटल के 102 नंबर कमरे की बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कदवा थाना क्षेत्र के कुम्हारी गांव निवासी 32 वर्षीय मोतिउर रहमान के रूप में की गई है। युवक पेशे से शिक्षक थे। वे प्राथमिक विद्यालय कुम्हारी में तालिमी मरकज पढ़ाते थे। होटल के मैनेजर शफीक अहमद ने बताया मोतिउर शुक्रवार दोपहर में होटल में रहने आया था। शाम को कुछ लोग उससे मिलने पहुंचे थे, जो घरेलू विवाद के कारण नाराजगी में उसके घर छोड़कर होटल में आने की बात बता रहे थे। हालांकि, उनकी मृतक से मुलाकात नहीं हो पाई। रात में करीब 9 बजे जब कमरे का दरवाजा खोला गया, तो मोतिउर का शव पंखे से लटका पाया गया। नगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार सिंह ने बताया कि जानकारी मिली थी कि आटा चौक के समीप एक होटल में एक युवक ठहरा हुआ है लेकिन काफी देर से उसके होटल का कमरा बंद है। कमरे का दरवाजा काफी देर तक खटखटाने के बाद भी रूम के अंदर से कोई आवाज नहीं आई। जिसके बाद स्थानीय वार्ड पार्षद मोहम्मद मुर्तजा की मौजूदगी में संबंधित कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। जिसके बाद अंदर देखा गया कि युवक बिजली के पंखा से लगे फंदे पर लटका हुआ है। युवक की सांसे नहीं चल रही थी। फंदे पर से उतार कर लाश को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।


