February 12, 2026

प्रदेश में 28 और 29 दिसंबर को बारिश के आसार, बढ़ेगी ठंड, अलर्ट जारी

पटना। बिहार में एक बार फिर मौसम बदलने जा रहा है। राज्य में 28 और 29 दिसंबर के बीच बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने इस संबंध में अलर्ट भी जारी किया है। राजधानी पटना समेत दक्षिण बिहार के अधिकतर हिस्सों में शनिवार से कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्के से मध्यम स्तर की बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है। वहीं, शुक्रवार से प्रदेश के ज्यादातर शहरों में बादल छाए रहने की संभावना है। इस कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जबकि रात में तापमान चढ़ेगा। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के वैज्ञानिक आनंद शंकर ने बताया कि 28 से 29 दिसंबर के बीच उत्तर पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित करने की संभावना है। इसके साथ ही एक चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी बांग्लादेश और उत्तरी पंजाब के साथ ही उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊपर बना है। इस दौरान निचले वायुमंडल में पूर्वी एवं पश्चिमी हवाओं के सम्मिश्रण होने से प्रदेश के मौसम में परिवर्तन होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल के कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। जबकि पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया के एक या दो स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को प्रदेश का सबसे ठंडा शहर 9.5 डिग्री के सेल्सियस के साथ सहरसा का अगवानपुर और समस्तीपुर का पूसा रहा जबकि सबसे गर्म शहर 28.2 डिग्री सेल्सियस के साथ खगड़िया रहा। पटना का अधिकतम तापमान 25.8 और न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

You may have missed