February 20, 2026

विधानसभा में विपक्ष के विधायकों को मार्शल ने किया बाहर, जबरदस्त हंगामा, सदन स्थगित

  • सीएम की कुर्सी के पास पहुंचे राजद विधायक, गुस्से में बोले अध्यक्ष- गंभीर परिणाम होंगे, इनको बाहर निकलिए

पटना। बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र का आज चौथा दिन है। आज सदन में अंदर और बाहर स्मार्ट मीटर को लेकर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। स्पीकर सदन में बिल पास करवा रहे थे इसी दौरान राजद विधायक मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठने लगे। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि ‘सुन लीजिए गंभीर परिणाम हो जाएंगे इसके, बैठ जाइए। अव्यवस्था मत फैलाइए।’ इसके बाद उन्होंने मार्शल से कहा कि ‘बाहर निकालो यहां से इन्हें।’ इसके बाद सदन की कार्यवाही आज दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। भारी हंगामें के बीच विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव काफी गुस्से में दिखे। राजद विधायकों ने आसंदी के सामने आकर हंगामा करना शुरू किया तो इसे लेकर अध्यक्ष ने उन्हें कड़ी चेतावनी दी। राजद सहित अन्य विपक्षी विधायकों को अध्यक्ष ने अपनी सीटों पर जाकर बैठने को कहा। हालाँकि हंगामा कर रहे विपक्षी विधायक वेळ में आकर नारेबाजी करते रहे। प्रश्न काल के बाद दोपहर 12 बजे उपमुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने सदन के पटल पर बिहार सरकार साल 2016 से 2022 तक के सीएजी की रिपोर्ट को रखा। हालाँकि इस बीच विपक्ष द्वारा जोरदार हंगामा किया। विपक्ष का हंगामा सदन में मौजूद विधायकों के अपनी अपनी जगह पर निर्धारित सीट पर बैठने को लेकर हुआ। पिछले कुछ महीनों में कई विधायकों ने अपना पाला बदलकर दूसरे दलों को समर्थन किया। इसी को लेकर विपक्षी सदस्यों ने  विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव से अनुरोध किया कि विधायकों को अपनी जगह पर बैठने को कहें। विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने सदस्यों को आश्वस्त किया कि सभी सदस्य अपनी निर्धारित सीट पर ही बैठेंगे। लेकिन उनके आश्वासन के बाद भी राजद का हंगामा जारी रहा। इसे देखते हुए अध्यक्ष ने तुरंत मार्शलों को बुलाया और हंगामा कर रहे विपक्षी सदस्यों पर काफी गुस्से में दिखे। वहीं सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।

You may have missed