सुपौल मे महिला की गोली मारकर हत्या; पति के साथ जा रही थी, चार अपराधियों ने पीछा कर मारी गोली

सुपौल। बिहार के सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया गया कि वह पति के साथ कसहा जा रही थी। घटना त्रिवेणीगंज नगर परिषद के वार्ड-15 स्थित बघला नदी के पुरबिया बांध की है। मृतक की पहचान पिंकी देवी के रूप में हुई है। वह अपने पति बेचन यादव के साथ बाजार से पति के मामा के घर त्रिवेणीगंज प्रखंड क्षेत्र के कसहा गांव जा रही थी। जैसे ही वह वार्ड 15 स्थित बघला नदी के पुबरिया बांध पर पहुंची, पीछे से दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने पीछाकर गोली मार पिंकी की हत्या कर दी। महिला के पति बेचन यादव ने कहा कि शनिवार को जमीन का रजिस्ट्रेशन होना था। फोटो के काम के लिए त्रिवेणीगंज आए और शुक्रवार रात में लौट रहे थे। तीन-चार साल से कुछ लोगों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही दलबल के साथ मौके पर पहुंचे त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विपिन कुमार ने बताया कि अपने पति के साथ बाइक से जा रही महिला को अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। मौके से खोखा भी बरामद किया गया है।

You may have missed