पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी पर शराब सेवन करने का आरोप एक गंभीर मामला : सुशील मोदी

पटना। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व भाजपा राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने कहा कि बिहार में जब पूर्ण शराबबंदी का कानून लागू है, तब पिछली सरकार के समय पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर शराब सेवन का आरोप एक गंभीर मामला है। वही राज्य सरकार को इसकी विस्तृत जांच करानी चाहिए। मोदी ने आगे कहा कि तेजस्वी यादव के पद पर रहते उनकी ही पार्टी के विधान परिषद सदस्य रामबली सिंह ने यदि आरोप लगाए हैं तो उनके पास कुछ प्रमाण भी होंगे। उन्होंने आगे कहा कि किसी की विधान परिषद सदस्यता समाप्त या बहाल करना सभापति का विशेषाधिकार है, लेकिन शराबबंदी कानून तोड़ने के आरोप की जांच तो सरकार करा ही सकती है। सुशील मोदी ने आगे कहा कि शराब पीने, रखने या उसका व्यापार करने पर पूर्ण प्रतिबंध का कानून 2016 से लागू है। वही कानून तोड़ने पर जब सामान्य नागरिक को दंडित किया जाता है, तब तेजस्वी यादव के दोषी पाए जाने पर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई हो सकती है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार में शामिल होने के नाते तेजस्वी यादव पर शराबबंदी कानून लागू कराने की जिम्मेदारी थी, जबकि उन पर ही कानून तोड़ने के आरोप लगना कोई सामान्य बात नहीं है।
