जब देश में इंडिया गठबंधन का ध्वज लहराएगा तभी सही मायने में राम घर आएंगे : तेजप्रताप यादव

पटना। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद को नव वर्ष की शुभकामनाएं देने के लिए राबड़ी देवी के आवास पर सुबह से ही पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी रही। मंत्री तेजप्रताप यादव भी अपने पिता लालू प्रसाद और मां राबड़ी देवी से आशीर्वाद लेने के लिए पहुंचे। इस दौरान तेजप्रताप यादव अपने पुराने अंदाज में नजर आए। ललाट पर तिलक और सिर पर आरजेडी की हरी टोपी। एक जनवरी को राबड़ी देवी का जन्म दिन भी है। इस मौके पर तेज प्रताप ने उन्हें शॉल गिफ्ट किया और उनका आशीर्वाद लिया। तेजप्रताप यादव ने मां राबड़ी देवी को शॉल ओढ़ाते हुए फोटो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और लिखा है- दुनिया की सारी रौनक, देख ली, मगर जो सुकून तेरे आंचल में है मां, वो और कहीं नहीं है। तेजप्रताप यादव ने कहा कि नव वर्ष की ढ़ेर सारी शुभकामनाएं पूरे बिहारवासियों को, खास कर युवाओं को, बुजुर्गों, महिलाओं को। इंडिया गठबंधन की ओर से भी नव वर्ष की शुभकामनाएं। उनसे यह सवाल किया गया कि पीएम नरेन्द्र मोदी ने 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन के अवसर पर सभी से दीप जलाने का आह्वान किया है? इस पर उन्होंने कहा कि केन्द्र में जब इंडिया महागठबंधन का ध्वज लहराया जाएगा, तभी राम घर आएंगे। आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने साल के प्रथम दिन सोशल मीडिया पर लिखा- ‘2024 में जनता चुने ऐसा हीरा जो समझ सके बहन-बेटियों की पीड़ा। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद ने सोशल मीडिया पर लिखा है- ‘सभी देशवासियों को नववर्ष 2024 की हार्दिक शुभकामनाएं। आइये, नव वर्ष में संकल्पित होकर निश्चय करें कि गरीबी, जाति, धर्म, ऊंच-नीच और अन्य आधारों पर होने वाले भेदभाव को मिटाने की हम पुरजोर कोशिश करेंगे।’

You may have missed