दानापुर कोर्ट कैंपस में विचाराधीन कैदी की गोली मारकर हत्या: दो बदमाशों ने मारी 6 राउंड गोलियां, पुलिस ने पकड़ा
पटना। दानापुर कोर्ट कैंपस में दो बदमाशों ने पेशी पर आए विचाराधीन कैदी को दिनदहाड़े गोली मार दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जिस समय हत्या हुई, उस समय पांच पुलिसकर्मी साथ में थे। दोनों बदमाशों ने 6 राउंड गोली चलाई। गोली चलने से कोर्ट कैंपस में दहशत फैल गई। बदमाश मौका देखकर भागने लगे, लेकिन वकीलों की मदद से पुलिस ने दोनों को दौड़ाकर पकड़ लिया। अपराधियों के पास से दो पिस्टल बरामद की गई है। कैदी का नाम अभिषेक उर्फ छोटे सरकार है। वह बिहटा का रहने वाला है। हत्या, लूट और रंगदारी जैसे कई मामलों में उस पर ट्रायल चल रहा था। उसे शुक्रवार को बेऊर जेल से पुलिसकर्मी पेशी के लिए कोर्ट लेकर आए थे। इसी दौरान घात लगाकर बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। सिपाही भूरन झा ने बताया कि हम लोग पेशी के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान एक बदमाश ने आगे से फायरिंग कर दी। हम सभी पुलिसकर्मी उसे पकड़ने के लिए भागे। इसी दौरान पीछे से दूसरे बदमाश ने गोली मार दी। हम लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। दिमाग काम करना बंद कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिस जब आरोपी को कोर्ट कैंपस में लेकर आई तो कोई हथकड़ी नहीं लगी थी। जब बदमाशों ने उसे गोली मार दी तो पुलिस के जवान आनन-फानन में हथकड़ी लगा दी।
पुलिस ने दोनों हमलावरों को किया गिरफ्तार
घटना के संबंध में सिटी एसपी पश्चिमी राजेश कुमार ने बताया की अभिषेक उर्फ छोटे सरकार पर बिहटा थाने में कई मुकदमे चल रहे थे। पेशी के दौरान दो अपराधियों ने गोली मार दी। दोनों हमलावरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मौके से चार खोखा बरामद किया है। हमलावरों के पास से दो पिस्टल मिली है। एक हमलावर मुजफ्फरपुर का रहने वाला है। गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ में ये जानने की कोशिश की जाएगी कि उसे किसने भेजा था। साथ ही हत्या के कारणों का भी पता लगाया जाएगा।


