November 18, 2025

SP लिपि सिंह ने मुंगेर में दर्ज कराई अपनी उपस्थिति: ऑपरेशन गुड मॉर्निंग अभियान की शुरुआत

मुंगेर। मुंगेर की नवनियुक्त आरक्षी अधीक्षक लिपि सिंह ने अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी है। स्कूल-कॉलेज व कोचिंग जाने वाली लड़कियों की सुरक्षा के मद्देनजर मुंगेर शहर में ऑपरेशन गुड मॉर्निंग अभियान की शुरुआत की गई है। बुधवार की सुबह स्कूल, कॉलेज और कोचिंग जाने वाली लड़कियों की सुरक्षा को देखते हुए मुंगेर एसपी लिपि सिंह सड़कों पर निकली और स्कूल-कॉलेज जाने वाली लड़कियों से उन्होंने बातें भी की और उनको सुरक्षा का आश्वासन दिया तथा किसी भी परिस्थिति में परेशानी होने पर सीधे कॉल करने के लिए भी कहा।

सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि वह अपने इलाके में पढ़ने वाले स्कूल, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों के आसपास सुरक्षा का इंतजाम करें तथा प्रभावी गश्ती करें। मनचलों की हरकतों पर लगाम लगाने के लिए सभी थानेदारों को निर्देशित किया गया है। मुंगेर के बासुदेवपुर ओपी अंतर्गत बीआरएम कॉलेज के पास पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह खुद एक घंटे तक मौजूद रहीं और वहां सुरक्षा की समीक्षा की। स्कूल-कॉलेज जा रही लड़कियों से भी उन्होंने बात की और उनकी समस्याओं को करीब से जाना। पुलिस का यह अभियान दरअसल लड़कियों और महिलाओं के बीच सुरक्षा का भाव पैदा करने के लिए चलाया जा रहा है।

बता दें इसके पहले मुंगेर की नई एसपी बनी लिपि सिंह बाढ में बतौर एएसपी कार्यरत थी और उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान बाढ़ अनुमंडल में अपराधियों को दुबकने पर मजबूर कर दिया था। कहा तो यह भी जाता है कि उनके डर से कई अपराधी बाढ़ छोड़ने को मजबूर हो गए थे। यहां तक उन्होंने निर्दलीय बाहुबली विधायक अनंत सिंह को सलाखों के पीछे भेजने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। उनके स्वच्छ छवि को देखते हुए ही राज्य सरकार ने उन्हें अपने वेतनमान पर मुंगेर का एसपी बनाया है।

You may have missed